






श्रीडूंगरगढ टाइम्स 9 अगस्त 2019। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति की वेब का लोकार्पण 11 अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ के संस्कृति सभागार में किया जाएगा। लोकार्पण तकनीकी विश्वविद्यालय के वीसी करेंगे। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि भाषा, साहित्य, संस्कृति, कला, इतिहास, शोध और पुरातत्व के क्षेत्र में 60 वर्षो से कार्य कर रही संस्था अब नई तकनीक से जुड़ने जा रही है। महर्षि ने बताया कि प्रातः साढ़े दस बजे समारोह का आयोजन होगा जिसमे तकनिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच. डी. चारण संस्था की वैबसाइट जनअर्पित करेंगे। समारोह के विशिष्ट अतिथि समाजसेवी गोविंद ग्रोवर और इंटेक बीकानेर चैप्टर के कन्वीनर पृथ्वीराज रतनू होंगे । इंजिनियरिंग कॉलेज, बीकानेर के सहायक प्रोगामर कपिल व्यास कार्यक्रम के सूत्रधार होंगे।
संस्था के मंत्री बजरंग शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के ख्यात कविगण मंजू गर्ग, मधुर परिहार, शंकरसिंह राजपुरोहित, मनीषा आर्य सोनी और मनोज चारण अपनी रचनाएं साझा करेंगे ।
संयोजक रवि पुरोहित ने बताया कि साहित्य अकादमी, दिल्ली, राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर, राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर, माध्यमिक शिक्षा विभाग सहित अनेक संस्थानों से सम्बद्ध-मान्यता प्राप्त संस्था की राष्ट्रीय गतिविधियों के व्यापक प्रचार हेतु लंबे समय से चली आ रही वेब की मांग पूरी होने पर इससे जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। वैब के लोकार्पण के साथ ही संस्था की शोध पत्रिका ‘जूनी ख्यात’ और लोक चेतना की राजस्थानी त्रैमासिकी ‘राजस्थली’ भी ऑनलाईन उपलब्ध होगी।



