






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अप्रेल 2023। सरकारी दफ्तरों में कार्मिकों व जनप्रतिनिधियों के बीच परस्पर टकराहट की स्थिति अनेकों बार देखने को मिलती है। परंतु श्रीडूंगरगढ़ में पालिका कर्मचारियों की मनमर्जी के खिलाफ लगातार शिकायत, संघर्ष पालिका के जनप्रतिनिधि व आमजन करते नजर आ रहें है। आज पालिका कार्मिकों के खिलाफ जनप्रतिनिधि उपखंड कार्यालय पहुंचे है और कर्मचारियों पर कार्यालय में नहीं आने व नहीं बैठने सहित अनेक आरोप लगाए है। जनप्रतिनिधियों ने उपंखड अधिकारी मुकेश चौधरी से दखल करते हुए कार्मिकों को पाबंद करने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने आक्रोश जताते हुए बताया कि पालिका के समस्त कर्मचारी पालिका में हाजिर नहीं होते व पट्टे पर हस्ताक्षर नहीं कर रहें है। शर्मा ने कहा कि ये कर्मचारी ना तो रसीद काटते है, ना ही शहर की किसी व्यवस्था में सहयोग कर रहें है बल्कि सभी प्रकार के कार्यों में जानबूझकर रोड़ा बन रहें है। उन्होंने कहा कि कार्मिक सुनवाई नहीं करते व पट्टा हस्ताक्षर के लिए अवैध रूप से रूपयों की मांग करते है तथा आवासीय भूमि का पट्टा भी जारी नहीं कर रहें है जिससे आमजन बुरी तरह से परेशान ही नहीं त्रस्त है। उन्होंने चौधरी से कार्रवाई की मांग करते हुए कार्मिकों को कार्यालय में आने व बैठने के लिए पाबंद करने की बात कही है। इस दौरान शर्मा की अगुवाई में भाजपा, कांग्रेस व माकपा के सदस्य भी उपस्थित रहें। पार्षद जगदीश गुर्जर, परसराम, गोपाल छापोला, श्याम पारिक, रजत आसोपा, पवन उपाध्याय, प्रतापसिंह, ऊंकारमल, हरिप्रसाद सिखवाल, बाबूलाल रेगर, नूरमोहम्मद, मुमताज, नदीम, विमल शर्मा सहित अनेक नागरिक साथ रहें।
अनेक बार की है ईओ की मांग, अब मिले राहत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने कहा कि अनेक बार विधायक सहित सरकार से यहां ईओ की नियुक्ति की मांग की है परंतु हमारी सुनवाई नहीं की जा रही है। शर्मा ने कहा कि आज तीन दिन की छुट्टी के बाद कार्यालय खुला परंतु काम के नाम पर कार्मिक वही ढाक के तीन पात करते नजर आए जिससे आमजन बुरी तरह से परेशान हो गए है और सक्षम अधिकारी से हम बार बार कार्रवाई की मांग कर रहें है। पार्षदों ने कहा कि पालिका में स्थायी ईओ की नियुक्ति सहित कार्मिकों को कार्यालय में बैठने के लिए पाबंद किया जाना चाहिए जिससे आमजन को राहत मिल सके।





