






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अप्रेल 2023। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आगामी 29 अप्रेल को लगभग पूरे दिन श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में ही रहेगें। यहां पहले मुख्यमंत्री का दो जगहों पर कार्यक्रम था, लेकिन रविवार को स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री तीन जगहों पर पहुंचेगें। अभी-अभी प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे गांव गुंसाईसर बड़ा पहुंचेगें एवं यहां पर प्रभा ओझा राजकीय प्राथमिक चिकित्सालय का लोकार्पण करेगें। यहां से सीएम गांव धीरदेसर चोटियान पहुंचेगें एवं गांव में शहीद नायक राकेश चोटिया के स्मारक का लोकार्पण करेगें। यहीं से वे आगे गांव सोनियासर गोदारान पहुंचेगें एवं वहां पर सेना मैडल प्राप्त शहीद हेतराम गोदारा के स्मारक का लोकार्पण करेगें। मुख्यमंत्री के ग्राम पंचायत सोनियासर गोदारान में होने वाले महंगाई राहत कैम्प में भी शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। तीनो गांवों में हैलीपैड बनाने का कार्य शुरू हो गया है एवं प्रशासनिक लाव लश्कर भी तैयारियों के लिए सज गए है। मुख्यमंत्री की मुख्य सभा गांव सोनियासर गोदारान में होगी एवं सभा में अधिकाधिक संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए है।
शहीद के परिजनों की मांग पर हुआ कार्यक्रम में बदलाव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आगामी 29 अप्रेल को मुख्यमंत्री के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के दौरे में दो ही जगहों पर कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। मुख्यमंत्री पहले गुंसाईसर बड़ा में चिकात्सालय लोकार्पण एवं बाद में सोनियासर गोदारान में शहीद हेतराम गोदारा के स्मारक का लोकार्पण करने पहुंचने वाले थे। गांव सोनियासर गोदारान से ही आनलाईन गांव धीरदेसर चोटियान में बने हुए शहीद राकेश चोटिया के स्मारक का लोकार्पण करना निर्धारित हुआ था। इस कार्यक्रम के निर्धारण के बाद शहीद राकेश चोटिया के परिजनों एवं गांव धीरदेसर चोटियान के प्रबुद्ध ग्रामीणों ने पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा से मुलाकात की एवं गांव धीरदेसर चोटियान में भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी के माध्यम से ही शहीद राकेश चोटिया के स्मारक का लोकार्पण करवाने की मांग की। कांग्रेसी नेता केशराराम गोदारा ने बताया कि शहीदों के परिजनों की मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया एवं उसके बाद कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब मुख्यमंत्री गांव धीरदेसर चोटियान में भी पहुंचेगें और गांव धीरदेसर चोटियान में भी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर, एसपी एवं अन्य अधिकारी रविवार शाम को गांव पहुंचेगें।



