May 20, 2026
008

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 मई 2023। रिश्तों की मर्यादाएं तार तार करने वाली घटनाएं कलयुग में लगातार सामने आने लगी है। आज क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई जिसमें एक जवांई ने अपने ही बुजुर्ग ससुर की हत्या कर दी। मृतक जिरामनाथ पुत्र गीगनाथ सिद्ध के भतीजे हुक्मनाथ पुत्र भूरनाथ और ओमनाथ पुत्र कुन्नानाथ सिद्ध ने थाने में मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि मेरे ताऊ जिराजनाथ की पुत्री मनोहरीदेवी का विवाह दुंकर बीदासर निवासी गोपालनाथ पुत्र रूखानाथ के साथ हुआ है। मृतक के पुत्र संतान नहीं होने के कारण मनोहरी देवी अपने पुत्रों व पति के साथ पिता के गांव में बने घर में रहती थी। जिराजराम स्वयं अधिकतर बाडेला रोही में स्थित अपनी ढाणी में रहता था। सोमवार को भी जिरामनाथ खेत में था। परिवादी ने बताया कि रात करीब 3 बजे जिरामनाथ के खेत की ओर से हो हल्ला सुनाई दिया। मेरा खेत सींव जोड़ है तो मैं और मेरे खेत में आया हुआ ओमनाथ पुत्र कन्नानाथ भागकर ताऊ के खेत में पहुंचे। हमने देखा कि ताऊ का जवांई गोपालनाथ गण्डासीनुमा धारदार हथियार से वार कर रहा था। जिससे ताऊ के गले, हाथ, सिर पर चोटे आई। हमने गोपालनाथ को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भाग गया।

पत्नी बच्चों से लड़कर निकला, शराब के नशे था।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। परिवादी भतीजे ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद जब गांव में हमारे भाई मांगनाथ पुत्र धन्नानाथ को फोन कर घटना की जानकारी दी। मांगनाथ ने बताया कि गोपालनाथ ने करीब 11.30 बजे अपने पुत्र सांवरनाथ व भरतनाथ के साथ मारपीट की। उसकी पत्नी मनोहरीदेवी व मांगनाथ ने बीच बचाव किया। वह शराब के नशे मे था और सबको जान से मारने की धमकी दे रहा था। परिवादी ने बताया कि इसके बाद उसे खाना खिलाकर सुला दिया परंतु वह उठकर खेत जा पहुंचा और इस वारदात को अंजाम दिया।
जमीन नाम कर दी थी, आरोपी राउंड अप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूरे गांव में यही चर्चा है कि मृतक बुजुर्ग जिरामनाथ ने अपनी बेटी व जवांई के नाम जमीन व मकान पूर्व में ही कर दिए थे। ऐसे में हत्या का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस सुत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी को राउंड अप कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कर कार्यवाहक थानाधिकारी एएसआई हेतराम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और इन्वेस्टिगेशन जारी है।