May 20, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 जून 2023। भूख न लगने की समस्या आपको कई बीमारियों का शिकार बना सकती है। अच्छे से भूख नहीं लगती, तो आप कम भोजन करते हैं और वही खाते हैं, जो आपको पसंद होता है, इसके चलते शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं। आपका इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है, जिसकी वजह से इन्फेक्शन और बीमारियों से लड़ना मुश्किल हो जाता। शरीर के टिश्यू को पुनर्निर्माण या मरम्मत के लिए जब सही मात्रा में पोषक तत्व नहीं मिल पाते, तो फ्लू और निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

लड़कियों का दुबलेपन की समस्या पीरियड्स को भी प्रभावित कर सकती है या तो वह अनियमित हो सकता है या पूरी तरह से बंद भी हो सकता है। अगर आपकी डाइट में जरूरी कैलोरी की कमी है, तो इससे किडनी, हार्ट, जठरांत्र, अंतःस्रावी और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।

योग है इन समस्याओं को दूर करने में मददगार

योग मेटाबॉलिज्म, भूख की कमी और पाचन से जुड़ी समस्याओं को ठीक करता है। योग ऑक्सीजन और ब्लड के सर्कुलेशन को बढ़ाता है जिससे भोजन में मौजूद पोषक तत्वों को बॉडी अच्छे से एब्जॉर्ब कर पाती है। योग से मसल्स मजूबत और लचीली होती है।

भूख को बढ़ाने वाले योगासन

भुजंगासन

भुजंगासन के अभ्यास से पाचन तंत्र सही तरह से काम करता है, जिससे भूख बढ़ाने में मदद मिलती है। यह मेटाबॉलिज्म को एक्टिव करता है। इस आसन को करने के दौरान जब आप ऊपर की ओर उठते हैं, तो आपकी सांस लेने की क्षमता में सुधार होता है। ब्लड सर्कुलेशन सुधरता है और बॉडी पोषक तत्व एब्जॉर्ब कर पाती है।

सर्वांगासन

सर्वांगासन पाचन से जुड़ी कई समस्याएं दूर करने में मददगार है और साथ ही इससे मस्तिष्क में ब्लड का सर्कुलेशन भी सुधरता है। जिससे शरीर के सभी अंगों तक जरुरी मात्रा में ब्लड पहुंच पाता है। इस आसन को करने से भूख न लगने की समस्या भी दूर होती है।

पवनमुक्तासन

पवनमुक्तासन पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए बहुत ही अच्छा आसन है। यह आसन ओवर एक्टिव मेटाबॉलिज्म को शांत करता है और शरीर को पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से एब्जॉर्ब करने में मदद करता है। इस आसन से पेट के निचले हिस्से में रक्त परिसंचरण में सुधार होता है।

वज्रासन

वज्रासन एकमात्र ऐसा आसन है जिसका भोजन के तुरंत बाद अभ्यास किया जा सकता है। यह पाचन तंत्र पर काम करता है और चयापचय को नियंत्रण में रखने में मदद करता है। यह आसन रक्त परिसंचरण, भूख और पाचन में सुधार करने में मदद करता है।

मत्स्यासन

मत्स्यासन वजन बढ़ाने वाले योगासनों में एक बेहद फायदेमंद आसन है। यह थायरॉयड ग्रंथि सहित कई फंक्शन पर काम करता है। यह एक अति सक्रिय थायरॉयड ग्रंथि को नियंत्रित करता है, जो वजन कम करने का कारण भी बन सकता है। यह पाचन, संचार, प्रजनन और हृदय प्रणाली को मजबूत करता है। इससे चयापचय और पोषक तत्वों के अवशोषण में सुधार होता है।