May 20, 2026
WhatsApp Image 2023-06-25 at 9.59.37 AM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जून 2023। आधी रात के अंधेरे में घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने व परिवार को जान से मारने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए एक जने ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। कस्बे के कालूबास निवासी 51 वर्षीय रामावतार पुत्र शुभकरण सुनार ने इसी बास में रहने वाले संतोष पुत्र कन्हैयालाल बिनायकिया पर रंजिश रखने व षड्यंत्र करने का आरोप लगाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 20 जून की रात 12 बजे घर के आगे एक जोरदार धमाका हुआ और जब उसने बाहर निकलकर देखा घर के आगे खड़ी टाटा सफारी गाड़ी को 2-3 जने आग लगाकर भाग रहे थे। परिवादी ने पड़ौसियों की मदद से आग बुझा दी और सुबह पड़ौसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा तो वे आग लगाकर भागते नजर आ रहें है। परिवादी के बेटे मोहित के घर लगे कैमरे में भी तीन व्यक्ति हाथ में बोतल लेकर आपराधिक षड्यंत्र करते हुए दिखाई दे रहें है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उसकी रंजिश चल रही है और उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर षड्यंत्र करते हुए ये कांड करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई पूर्णमल को सौंप दी है।