






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2023। बीकानेर से दिल्ली तक शीघ्र ही इलेक्ट्रिक ट्रेन की सुविधा क्षेत्र के हजारों दिल्ली प्रवासी नागरिकों को मिल सकेगी। रेलवे सेवा के विस्तार से जुड़ी खास खबर रेल विभाग से आई है। 7 जुलाई को रेलवे ने बीकानेर मण्डल के 188 किमी लंबे चूरू-बीकानेर खंड में 7 जुलाई से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर रेल गाड़ियों का संचालन ट्रॉयल तौर पर शुरू किया है। ट्रायल सफल रहा और रेलवे कार्मिकों सहित नागरिकों में उत्साह का संचार हो गया है। इस खंड पर विद्युतीकरण का कार्य मार्च माह में पूर्ण हो गया था व बेनीसर सब-स्टेशन के लोड के लिए राज्य विद्युत प्रसारण निगम द्वारा प्राथमिकता पर श्रीडूंगरगढ़ जीएसएस पर उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर की स्थापना त्वरित गति से की गई जिसके बाद 7 जुलाई को रेलवे के बेनीसर स्टेशन पर बनाए गए ट्रैक्शन सब-स्टेशन को लोड पर चालू कर दिया गया। 7 जुलाई को इस खंड में पहली इलेक्ट्रिक मालगाड़ी का ट्रॉयल संचालन सफलतापूर्वक किया गया। इलेक्ट्रिक इंजन मालगाड़ी चूरू स्टेशन से इसी दिन रवाना होकर देर रात 12 बजे के बाद 8 जुलाई को बीकानेर स्टेशन पहुंचा। ध्यान रहें बीकानेर मण्डल के चुरू – सादुलपुर – रेवाड़ी में पहले से ही इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन हो रहा है, चूरू – बीकानेर खंड में इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर रेल गाड़ी शुरू होने से अब शीघ्र ही बीकानेर – दिल्ली रूट पर इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा जिससे समय व इंधन की बचत हो सकेगी और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। विदित रहे कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 422.60 करोड़ की लागत से चुरू-रतनगढ़ रेल खंड़ के बीच में 42.81 किलोमीटर पटरियों का दोहराकरण करने के कार्य का भी शिलान्यास किया है। रतनगढ़ से चूरू के बीच में दो पटारियां बिछाए जाने के बाद ट्रेनों के आपस में पास करने के लिए विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव जरूरी भी नहीं होगा और गति और अधिक तेज हो जाएगी।




