May 21, 2026
1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 जुलाई 2023। छोटा परिवार सुखी परिवार के नारे लगाते हुए, हाथों में तख्तियां लेकर कस्बे की मुख्य गलियों में बढ़ती जनसंख्या वृद्धि पर जागरूकता से नियंत्रण करने अपील करते हुए रैली निकाली गई। आज सुबह निकली रैली को जिला असप्ताल प्रभारी डॉ एस के बिहानी ने संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या मानव जाति के लिए चिंता का विषय बन गई है। ये गंभीर विषय है कि दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश भारत बन चुका है और ऐसे में जनसंख्या वृद्धि की वजह से अशिक्षा, बेरोजगारी, भुखमरी और गरीबी बढ़ रही है। विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बिहाणी ने कहा कि जनसंख्या से निपटने के लिए परिवार नियोजन जैसे समाधान मौजूद हैं, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण जनसंख्या पर काबू नहीं पाने में मुश्किलें सामने आ रही है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को जनसंख्या नियंत्रण करने के लिए कई नियमों, लैंगिक समानता व गंभीर दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए जागरूकता रैली को रवाना किया। कार्यक्रम का आयोजन तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष व अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमरजीत सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। करणी विद्या मंदिर विद्यालय, राबाउमा विद्यालय व उप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ता रामलाल नायक ने भी जनसंख्या वृद्धि के दुष्प्रभावों व नियंत्रण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में वालंटियर गौरव टाडा सहित अस्पताल का मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विश्व जनसंख्या दिवस पर निकाली जागरूकता रैली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बढ़ती आबादी को नियंत्रण करने के लिए जागरूकता का आह्वान किया।