May 21, 2026
010101

किसानों को मिले योजनाओं का लाभ, बैंक कार्मिकों की ली बैठक, किया विचार विमर्श।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा परिसर में त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अगर्णी बैंक मुख्य प्रबंधक वाई.एन. व्यास ने की और उन्होंने सरकार द्वारा प्रायोजित योजना के संबंध में समीक्षा प्रस्तुत करते हुए उनमें आने वाली समस्याओ और उनके निस्तारण हेतु विभिन्न उपाय सुझाए। बैठक में मुख्य अतिथि नाबार्ड के DDM रमेश तम्बिया व श्रीडूंगरगढ़ स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया शांखा प्रबंधक राकेश कुमार ओला ने बचत योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में सरकार की सामाजिक योजनाये APY, PMSBY, PMJJBY आदि के संबंध में समीक्षा की गई व वित्तीय समावेशन के बढ़ाव हेतु विचार विमर्श किया गया। नाबार्ड डी.डी.एम. श्री तोलम्बिया ने नाबार्ड की कृषि आधारित योजनाओ के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों तक उनका लाभ पहुंचाने की बात कही। बैठक में महिला अधिकारिता विभाग, राजीविका व सभी बैंको के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एसबीआई शाखा के शाखा प्रबंधक राकेश कुमार ओला ने सभी का आभार जताया।

सीएम को भेजा पत्र, पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग, जताया विरोध।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नजदीकी माने जाने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता व लोक समता समिति के महामंत्री तुलसीराम चौरड़िया व समिति अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता भरतसिंह राठौड़ ने आज सीएम को ज्ञापन भेजकर पुलिस के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। राठौड़ ने कहा कि नाबालिग बालिका के लापता होने व दस्तयाब किए जाने के मामले में किए गए शांतिपूर्ण आंदोलन में कस्बे की सभी सामाजिक संस्थाओं ने बालिका को दस्तयाब करने की मांग की। आंदोलन समाप्त होने के बाद पुलिस प्रशासन ने पांच दिन बाद 52 नामजद सहित 400 से अधिक लोगों के खिलाफ आरोप लगाकर मामला दर्ज किया जिससे कस्बे में पुलिस द्वारा पुन माहौल को तनावपूर्ण किया जा रहा है जो कि निदंनीय है। लोक समता समिति के सदस्यों ने इसे पूरे प्रकरण में पुलिस प्रशासन के कदम को भड़काऊ बताया और कहा कि इस चुनावी साल में जानबुझकर माहौल खराब करने के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार बताया। चौरड़िया ने सीएम अशोक गहलोत से मांग करते हुए कहा कि कि श्रीडूंगरगढ़ की गंगा जमुनी संस्कृति खराब होने से रोका जाए। बता देवें पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया ने सीएम को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। वहीं विहिप प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी ने गुरूवार को नोखा प्रवास के दौरान सरकार के रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार बेवजह किसी को फंसाने का दुस्साहस नहीं करने अन्यथा पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन होंगे।

पौधारोपण कर लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव इंदपालसर हीरावतान के डी.आर. पब्लिक स्कूल में आज पौधारोपण किया गया। इस दौरान शाला निदेशक नेरन्द्र जाखड़ ने बच्चों को वृक्षों का महत्व बताते हुए सावन माह में अपने घर व आस पास पौधे लगाने की प्रेरणा दी। जाखड़ ने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण का संकल्प करवाया। इस दौरान शिक्षण स्टाफ तेजपाल, पन्नालाल, मोहन, भागीरथ, रामरख, सुगनाराम, विनोद, रोहितास, सुशीला, पुनम व बच्चों ने स्कूल परिसर में फलदार व छायादार वृक्षों के पौधे लगाने में सहयोग दिया।