






बिग्गा में बनेगा तेजा मंदिर, आज हुआ भूमि पूजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बिग्गा में आज सुबह शुभ मुर्हूत में वीर तेजाजी के भव्य मंदिर निर्माण की नींव रखी गई। तेजा मंदिर के पुजारी देवीलाल रंगा ने विधि विधान से पूजन संपन्न करवाया। गांव के माला बास में पानी की टंकी के पास होने वाले निर्माण में समस्त ग्रामीण भागीदारी निभाएंगे। इस दौरान महिलाओं ने गीत गाए व सभी श्रद्धालुओं ने तेजाजी महाराज के जयकारे लगाए।
सिद्ध युवा महासभा करेगी समाज की प्रतिभाओं का सम्मान, यहां देवें आवेदन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सिद्ध युवा महासभा संस्था बीकानेर द्वारा सिद्ध समाज की प्रतिभाओं का सम्मान सैनिक क्षत्रिय माली संस्थान डीडवाना रोड नागौर में 24 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। महासभा के अध्यख भगवानदास कलवानियां ने बताया कि माध्यमिक स्तर में 80 प्रतिशत, उच्च माध्यमिक स्तर पर 80 प्रतिशत, स्नातक व स्नातकोत्तर 70 प्रतिशत, बीएड व अन्य शैक्षणिक डिग्री में 80 प्रतिशत व प्रशासनिक सेवा, आईआईटी, चिकित्सा क्षेत्र, आरजेएस, सीए सहित राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाली खेल प्रतिभाएं, राज्य स्तर पर खेलों में श्रेष्ठ तीन स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों सहित 25 अगस्त 2022 के बाद राजकीय सेवा में चयनित प्रतिभावान युवा व युवतियों को सम्मानित किया जाएगा। कलवानियां ने बताया कि बीकानेर, श्रीडूंगरगढ़, सरदारशहर, लूणकरणसर, सुजानगढ़, रतनगढ़, नोखा, नागौर व गंगानगर की प्रतिभाएं भाग ले सकेंगी। श्रीडूंगरगढ़ में समाज के नागरिक अपने दस्तावेज बलराम सिद्ध, सांवतनाथ सिद्ध, मनोज नाथ सिद्ध को जमा करवा सकते है। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के नागरिक भाग लेंगे।
वार्ड में जलापूर्ति करने की मांग, पार्षद ने अधिकारी को दिया पत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड 32 के पार्षद प्रतिनिधि वेदप्रकाश सारस्वत ने जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता को पत्र देकर वार्ड में जलापूर्ति करवाने की मांग की है। वार्ड वासियों ने तीन ईंच की पाइप लाइन 150 फुट शिव धोरा टंकी से जोड़ कर पानी की पूर्ति करवाने की मांग की है। सारस्वत ने बताया कि 8 नंबर बूस्टर में सब वॉल लीक पड़े है वे सभी सही करवाए जाएं।
झूलेलाल चालिहो महोत्सव का पहला शुक्रवार कल, होगा उत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। झूलेलाल चालिहो महोत्सव का पहला शुक्रवार कल है और सिंधी समाज द्वारा धूमधाम से उत्सव मनाया जाएगा। सुबह 6:00 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी और डीजे के साथ शाम 6 बजे झांकी के साथ शोभा यात्रा निकाली जाएगी। भजनों का आयोजन 7 से 8:30 बजे तक होगा तथा 9 बजे महाआरती के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में सिंधी समाज के सभी परिवार भाग लेंगे।




