






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2023। शुक्रवार सुबह की कुछ खास, कुछ आम, छोटी-बड़ी खबरें पढ़ें एक साथ, न्यूज एक्सप्रेस में।
यादगार कार्यकाल के लिए किया ढ़ाका का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2023। शेरूणा थानाधिकारी रामचंद्र ढ़ाका के स्थानांतरण पर शेरूणा क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा ग्राम पंचायत शेरूणा के भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सरपंच प्रतिनिधि भरतसिंह राठोड़ ने ढाका को साफा पहनाया व स्मृति चिन्ह् प्रदान किया। पूर्व सरपंच प्रतिनिधि शिवभगवान स्वामी, पेमाराम गोदारा, उपसरपंच भागुनाथ, वार्डपंच चिमनाराम, सिकंदर अली, विक्रम सिंह, नरपत सिंह, रणवीर सिंह नारसीसर, अशोक राणा, मांगीलाल भादू, मूलाराम नायक आदि ग्रामीणों ने ढाका के कार्यकाल को यादगार बताते हुए उनके सरल व्यवहार व ग्रामीणों के प्रति निष्पक्ष व्यवहार को प्रेरणीय बताया। इस मौके पर ढ़ाका ने आभार जताते हुए ग्रामीणों से बच्चों को शिक्षित व संस्कारवान बनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में मनोज साईं, हीरालाल स्वामी, रामेश्वरसिंह, इमानमल डागा, फैजू खान, धनानाथ, चुनाराम मेघवाल, सीताराम, किशनलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

एमए, बीए की प्रवेश संबधी विशेष खबर, जानें आवेदन एवं फीस जमा करवाने के निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2023। श्रीडूंगरगढ़ राजकीय महाविद्यालय में एम ए एवं बीए में प्रवेश संबधी नए निर्देश जारी हुए है। प्राचार्य महावीर नाथ ने बताया कि बीए के द्वितीय वर्ष व तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों की फीस भरवाने की अंतिम तिथी बढ़ा दी गई है एवं अब जिन विद्यार्थियों ने अभी तक फीस जमा नहीं करवाई है वे 10 अगस्त तक अपनी फीस जमा करवा सकेगें। बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश हेतू आगामी 26 जुलाई तक आवेदन कर सकते है। इसी प्रकार एमए प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। एमए प्रथम वर्ष के लिए आवेदन 26 जुलाई से शुरू होगें एवं 10 अगस्त अंतिम तिथी रहेगी।
विद्यार्थियों ने सीखा वोट देना, जानें ईवीएम मशीन की कार्यप्रणाली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2023। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के मतदान के प्रति जागरूक करने के अभियान के तहत शुक्रवार को कस्बे के मॉडर्न राजस्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल में निर्वाचन विभाग की टीम पहुंची। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ईवीएम मशीन द्वारा वोट देने की प्रक्रिया को समझा व संस्थाप्रधान मनीष कुमार शर्मा ने शत प्रतिशत मतदान का महत्व बताया। कार्यक्रम संचालन सुबोध सक्सेना ने किया व चंदूराम हरडू, मुकेश कुमार शर्मा, हनुमान डुडी आदि सक्रिय रहे।

23 जुलाई से 1 अगस्त तक लगातार कार्यक्रम करेगी तेयुप, बैनर विमोचित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2023। तेरापंथ युवक परिषद द्वारा आगामी 23 जुलाई से 1 अगस्त तक लगातार तीन अलग अलग कार्यक्रम किए जाएगें। तेयुप अध्यक्ष मनीष नौलखा ने बताया कि 23 जुलाई को फिट युवा हिट युवा के तहत सुबह 5.30 बजे साईकिल रैली निकाली जाएगी। इसके बाद 24 से 30 जुलाई तक प्रतिदिन बारहव्रत कार्यशाला के तहत तेरापंथ सेवाकेन्द्र में आयोजन रहेगा एवं 1 अगस्त को सम्यक दर्शन कार्यशाला भी तेरापंथ सेवाकेन्द्र में आयोजित किया जाएगा। तीनों कार्यक्रमों के बैनर का विमोचन शुक्रवार को सेवाकेंद्र व्यवस्थापिका साध्वी डॉ. संपूर्णयशाजी व सहवर्ती साध्वियों के सान्निध्य में किया गया। इस दौरान अध्यक्ष मनीष नौलखा सहित मंत्री दीपक सेठिया, प्रदीप पुगलिया, दीपक छाजेड़, मनीष पटावरी, रोहित दुगड़ व किशोर मंडल के श्रेयांस पुगलिया, शुभम बोथरा और आकाश नौलखा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन मंगलपाठ से हुआ।




