May 20, 2026
010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2023। श्रीडूंगरगढ़-बीदासर रोड पर पंवार पेट्रोल पम्प के पास हुए हादसे में बस द्वारा कुचले जाने से घायल 17 वर्षीय युवती की टांग काटनी पड़ी है। इस संबध में पीड़िता के दादा छगननाथ ने श्रीडूंगरगढ थाने में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। छगननाथ ने पुलिस को बताया कि उसकी पौत्री सुमन गत 22 जून को श्रीडूंगरगढ़ से बस में सवार हुई थी एवं उसे अपने पेट्रोल पम्प पर उतरना था। उसने गांव रीड़ी से पहले पेट्रोल पम्प पर बस रोकने को आवाज दी एवं ड्राईवर ने बस रोक भी दी। लेकिन वह जैसे ही उतरने लगी तो पूरा उतरने से पहले ही ड्राईवर ने बस को वापस चला दिया जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया एवं वह गिर गई। उसके पैरों के ऊपर से बस के टायर निकल गए। पीड़िता को पहले श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय लाया गया एवं यहां से पीबीएम बीकानेर रैफर किया गया। बीकानेर से जयपुर रैफर कर दिया गया एवं जयपुर में दौराने इलाज उसका बांया पैर काटना पड़ा है व दांए पैर का भी आपरेशन किया गया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।