May 20, 2026
bhanu-dungrgarh-time

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2023। भारत का इतिहास बलशाली युवाओं के सामाजिक व राष्ट्रीय योगदान से भरा है। समय के साथ युवाओं की शारीरिक सक्रियता कम होने के कारण युवाओं की शारीरिक मजबूती में कमी आई है। ऐसे में आवश्यकता है कि युवा शारीरिक रूप से बलिष्ठ होने के संबध में जागरूक हो। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के युवाओं के लिए यही संदेश दिया गया रविवार को क्षेत्र में पहली बार आयोजित हुई “पावर मैन ऑफ द श्रीडूंगरगढ़-1” प्रतियोगिता के माध्यम से। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं किसान नेता तोलाराम जाखड़ के सहयोग से श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा सरदारशहर रोड दशहरा मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 65 किलो से कम, 65 किलो से 80 किलो तक एवं 80 किलो से अधिक इन तीन भार वर्ग में पुशअप्स, बैंचप्रेस एवं डेडलिफ्ट प्रतियोगिताएं आयोजित की गई एवं तीनों प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को “पॉवरमैन आफ द श्रीडूंगरगढ़” चुना गया।

राम कूकणा बने पहले पॉवर मैन, ये बने विजेता, दिखाया दमखम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इवेंट के दौरान पुशअप प्रतियोगिता के 65 किलो से कम में 13 ने, 65 से 80 किलो में 13, 80 किलो से ऊपर में 5 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसी प्रकार बैंच प्रेस प्रतियोगिता में 65 किलो से कम में 6, 65 किलो से 80 किलो में 7, 80 किलो से ऊपर में 6 प्रतियोगियों ने भाग लिया। डेड लिफ्ट प्रतियोगिता में 65 किलो से कम में 9 जनों ने, 65 किलो से 80 किलो के बीच 10 जनों ने एवं 80 किलो से ऊपर में 6 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इन तीनों प्रतियोगिताओं में अपने भार वर्ग में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर तीनों में पहला स्थान हासिल करने वाले बलवान फिटनेस सेंटर के राम कूकणा को “पॉवर मैन आफ द श्रीडूंगरगढ़ 2023” का अवार्ड दिया गया।
इन्होने दिखाया बेंचप्रेस में दमखम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वेट लिफ्टिंग के ही इस इवेंट बेंचप्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसके 65 किलो से कम भार वर्ग में बलवान जिम के राजेश ने 80 किलो वजन उठा कर प्रथम एवं उत्सव जिम के रोहित ने 70 किलो भार उठा कर द्वितीय, इसी प्रकार 65 से 80 किलो भार वर्ग में बलवान जिम के राम कूकणा ने 110 किलो वजन उठा कर प्रथम एवं नदीम जिम के सुमित वाल्मिकी ने 100 किलो वजन उठा कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 80 किलो से अधिक भार वर्ग में बलवान जीम के रोहित प्रजापत ने 100 किलो वजन उठा कर प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर 80 किलो वजन उठाने वाले सीताराम गोदारा, विष्णु शर्मा, गोपाल सारस्वत, रिहान सामूहिक रूप से विजेता रहे।
डेड लिफ्ट में उठाया भार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वेट लिफ्टिंग के इवेंट डेड लिफ्ट में खिलाड़ियों ने पूरी ताकत से वजन उठाया। 65 किलो से कम में 140 किलो उठाने वाले बलवान जिम के भावेश वाधवानी ने प्रथम एवं नदीम जिम के शोएब खान ने भी 140 किलो वजन उठा कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। 65 से 80 किलो भार वर्ग में राम कूकणा ने 210 किलो वजन उठाया एवं प्रथम स्थान प्राप्त किया व नदीम जिम के सुमित वाल्मिकी ने 185 किलो उठा कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 80 किलो से अधिक भार वर्ग में उत्सव जिम के विष्णु शर्मा ने 190 किलो भार उठाया एवं प्रथम रहे व बलवान जिम के हरिओम सोनी ने 170 किलो वजन उठा कर दूसरा स्थान हासिल किया।
ये बने पुशअप के विजेता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुशअप्स प्रतियोगिता में 65 किलो से कम में भार वर्ग में बलवान जिम के अजय सोनी व गांव गुंसाईसर बड़ा के संतोष कुमार गोदारा विजेता रहे। इसी प्रकार 65 किलो से 80 किलो भार वर्ग में बलवान जिम के राम कुकणा व उत्सव जिम के भूराराम नवल विजेता रहे, 80 किलो से अधिक भार वर्ग में बलवान जिम के हरिओम सोनी एवं गांव गुंसाईसर बड़ा के सीताराम गोदारा विजेता रहे।
जाखड़ रहे सहयोगी, दी युवाओं को प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के इस आयोजन में किसान नेता तोलाराम जाखड़ सहयोगी रहे एवं क्षेत्र के युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य व बलिष्ठता के लिए जागरूक होने की बात कही। जाखड़ ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स सदैव नवाचार को आतुर रहता है और आयोजन के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा व प्रेरणा का संचार करता है। जाखड़ ने विजेताओं को बधाई दी व महिला खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। जाखड़ प्रतियोगिता में पुरूषों के मुकाबले में भाग लेने वाली महिला खिलाड़ियों के जोश की तारीफ करते हुए उन्हें लगातार प्रयास करने की सलाह दी।
इनका हुआ सम्मान, संभाली व्यवस्थाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आयोजन में कस्बे के बलवान फिटनेस सेंटर के परम सैन, नदीम फिटनेस सेंटर के नदीम खान, उत्सव फिटनेस सेंटर के श्रीभगवान पारीक, एल्पाईन फिटनेस सेंटर के पवन शर्मा ने व्यवस्था एवं जजमेंट संबधी जिम्मेदारी उठाई। कार्यक्रम में मदन सोनी, रामनिवास आंवला ने भी जजमेंट में सहयोग किया व रॉयल फिटनेस जिम रीड़ी के लक्ष्मण बाना व्यवस्था सहयोगी बने। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के प्रबंधक विशाल स्वामी ने कार्यक्रम का संचालन किया और टाइम्स की ओर से विक्रम स्वामी ने सभी का आभार जताया।
युवती भूमिका ने बटोरी दाद, पुशअप में वसु का किया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रतियोगिता में महिलाओं ने पुरूष खिलाड़ियों को टक्कर देते हुए प्रतियोगिता में भाग लिया। पुशअप में वसु खिलेरी लखासर ने भाग लिया और बेहतरीन प्रदर्शन करने पर बलवान जिम ने युवती को सम्मानित किया। कस्बे की भूमिका सारस्वत ने अंडर 65 किलो भारवर्ग में खूब दाद बटोरी। भूमिका ने 110 किलो भार उठाकर सराहनीय प्रयास किया। आयोजन में हर आयु वर्ग के उत्साहित युवाओं ने भाग लिया और गांव रीड़ी, लखासर, गुसाईंसर बड़ा से भी बड़ी संख्या में युवा भाग लेने पहुंचे। दर्शकों का जोश भी सराहनीय था।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पॉवर मैन ऑफ द श्रीडूंगरगढ़-2023 का खिताब जीता युवा राम कूकणा ने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कार्यक्रम में सहयोगी रहें समाजसेवी तोलाराम जाखड़ ने सभी विजेताओं को दी ट्राफियां, किया सम्मानित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सभी विजेताओं को किया सम्मानित, जाखड़ के साथ मौजूद रहें एडवोकेट रणवीरसिंह खिंची।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सभी कैटेगरी के विजेताओं को दी ट्राफी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शानदार आयोजन में नजर आया युवा जोश व उत्साह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उत्साह से लबरेज आयोजन में अनेक युवाओं ने मेहनत करने का प्रण भी लिया।