May 20, 2026
WhatsApp Image 2023-07-26 at 11.23.38 AM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जुलाई 2023। रात करीब सवा नौ बजे झंझेऊ के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अम्बेडकर कॉलोनी बीकानेर निवासी कॉपरेटिव बैंक में सीनियर मैनेजर 45 वर्षीय रविंद्र सिंह चारण व उनके युवा बेटे 17 वर्षीय रूद्र ने मौके पर ही जान गवां दी। कार ट्रक से टकराई थी और कार में रविंद्र की पत्नी किरण व उनके भाई महेंद्र सिंह की पुत्री पार्थवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बमुश्किल दोनों घायल महिलाओं को गाड़ी से निकाल कर सेरूणा 108 एम्बुलेंस बीकानेर ले गई व पीबीएम में भर्ती करवाया। दोनों मृतकों के शव को आपणो गांव सेवा समिति की एंबुलेंस से श्रीडूंगरगढ़ मोर्चरी में रखवाया गया। जहां मृतकों के परिजन आ जाने पर पोस्टमार्टम अभी हो रहा है। रात सेरूणा पुलिस के एएसआई राजकुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे।

तड़प रही थी महिलाएं, नहीं रूकी गाड़ियां, तेज स्पीड ने उजाड़ा परिवार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आपणो गांव सेवा समिति से जुड़े एक सेवादार युवक मुकेश सोनी अपने निजी कार्य से मोटरसाइकिल पर एक साथी के साथ सेरूणा की ओर जाने के लिए श्रीडूंगरगढ़ से रवाना हुए। मुकेश ने बताया कि बेनीसर के पास एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक किया तो उनके साथी ने कार की तेज स्पीड को लेकर चर्चा भी की। पढें मुकेश की जुबानी, हादसे की पूरी कहानी- ने बताया कि हम कुछ आगे पहुंचे तो देखा वही कार ट्रक से टकराई व बुरी तरह से बिखर गई है। हम तुरंत बाइक से उतरे तो देखा दो जने बुरी तरह से कार के अंदर ही दबकर कुचल गए थे। पहली ही नजर में सीट बेल्ट बंधा व्यक्ति लहूलुहान परंतु मृत जान पड़ा। एक युवक के प्राण भी उसी समय गए और कार से एक युवती सड़क पर गिर गई और घायल अवस्था में कराह रही थी वहीं एक महिला कार में तड़प रही थी। महिला के दोनों पैर टूट गए थे। मैं और मेरा दोस्त घबरा गए तभी कुछ ओर भी लोग आ गए थे। हमने कई कार वालों से रूकने की प्रार्थना करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की मिन्नतें की परंतु अनेक लोग मना करते हुए घायलो को देखकर निकल गए। वहीं एक कार वाले से धक्का मुक्की की नौबत आ गई क्योंकि हम घायलों को अस्पताल पहुंचाने की बात कह रहें थे और उसने मना कर दिया। हम बेबस खड़े थे और एंबुलेंस का इंतजार कर रहे थे। तभी महिला से पुछा तो उसने बीकानेर निवासी होना बताया। तब तक 108 सेरूणा आई और कई लोगों ने बमुश्किल कार से घायल महिला को निकाल कर युवती सहित पीबीएम अस्पताल भेजा गया। मृतकों के शव निकालने में बड़ी देर मश्क्कत हुई। जब शव को मोर्चरी में पहुंचाया तो लगा अब सब कुछ शांत हो गया है पर सवाल मन में रह गया कि इतनी कार तेज गति में नहीं होती तो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा कर दो मौत नहीं होती। मन में मलाल है कि हंसता खेलता परिवार एक झटके में हमारी आंखों के सामने उजड़ गया। सारी रात नींद आंखों से दूर रही और यही गूंजता रहा कि महिला को जब पता चलेगा कि पति व बेटा मौत का शिकार हो गए है तो क्या बीतेगी.. रात भर दर्दनाक दृश्य आंखो के सामने घूमता रहा। बार बार यही प्रार्थना कर रहें है कि भगवान किसी को ऐसी दर्दनाक मौत ना दे। मैं सभी नागरिकों से अपील करना चाहता हूं हर एक कार चालक से की वो अपनी कार की स्पीड इतनी तेज ना रखें की जीवन ही पीछे छूट जाएं और बीच मझधार में वे रिश्ते छूट जांए.. मैं हाथ जोड़ कर गुजारिश करता हूं हर एक नागरिक से की सड़क पर घायल का जीवन बचाने में मदद का हाथ बढ़ावे हो सकता है किसी की दुआ से आपका परिवार सलामत रहें।

नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर आप रात हुए हादसे में तुरंत दी गईअपडेट पढ़ सकते है साथ ही देख सकते है मौके के भयावह फोटो-

हाइवे पर भीषण दुर्घटना, बिखर गई कार, दो की मौत, दो गंभीर, पढें पूरी खबर, देखें मौका स्थल से दर्दनाक फोटो।

कार की भीषण टक्कर ट्रक से, दो की मौके पर ही मौत, तीन गंभीर, श्रीडूंगरगढ़ में हाईवे पर बड़ा हादसा।