May 20, 2026
IMG-20230726-WA0147

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जुलाई 2023। श्रीडूंगरगढ़ में बुधवार दिन में करीब 3 बजे बादल फटने के बाद देर रात तक शहर के हालात सामान्य नही हो पाए हैं। यहां अनेकों जगहों पर दो से पांच फीट तक पानी का भराव हो गया है। बादल फटने की घटना की सटीक खबर श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा प्रकाशित करने के बाद क्षेत्र के नेता, प्रशासन सक्रिय हुवा और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किए गए हैं। बारिश के कारण शहर ने अनेकों दीवारें गिरने के समाचार है और पानी भरने वाले घरों में से लोगो को सुरक्षित स्थलों पर भेजा जा रहा है। मुख्य दिक्कत जोहड़ के भर जाने से हुई है और पानी की निकासी शहर से जोहड़ में नही हो पा रही है। ऐसे में नगरपालिका की टीम राहत कार्यो में लगी हुई है और प्रशासन भी सक्रिय हैं। तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा ने 50 से अधिक घरों का निरीक्षण किया है। राजवीर ने पानी भरे जर्जर घरों में लोगों को नहीं रहने की अपील करते हुए उन्हें सुरक्षित कैम्प स्थल तक जाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि श्रीराम भवन, सिंधी धर्मशाला राहत के लिए खोलने के निर्देश दिए गए है। वहीं जीव जतन पालिका भवन व विश्वकर्मा मन्दिर पूर्व में ही खोल दिये गए है। उन्होंने बताया की एनडीआरएफ की राहत टुकड़ी व सिविल राहत की टुकड़ी बीकानेर से बुलाई गई है और बीकानेर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश भी मौका मुआयना करने पहुंच गए। मोमासर बास में कानाराम प्रजापत का मकान गिरने की सूचना भी है। जोहड़ से पानी बीहड़ में निकालने के लिए प्रशासन जुट गया है ताकि शहर का पानी जोहड़ में आ सके। यहां दशहरा मैदान, ताल मैदान की दीवारें टूटने के समाचार भी है और दोनो ही मैदानों में पानी भर गया है।

उपजिला अस्पताल में नवजात बच्चों की जान सांसत में, हालात तक हैरान हुए एडीएम। 
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के उप जिला अस्पताल में बरसाती पानी घुस गया और अस्पताल के जनाना वार्ड में घुसे बरसाती पानी के चलते नवजातो की जान सांसत में नजर आई। प्रसूताओं के बेड के नीचे दो फीट तक बरसाती पानी भर गया। इसी दौरान बिजली कटौती ने भी कोढ़ में खाज का काम किया। एक तरफ प्रसूताओं की बेड के नीचे भरा हुआ बरसाती पानी, तो दूसरी तरफ विद्युत कटौती के कारण गर्मी और उमस से रोते नवजात शिशु। लेकिन हैरानी वाली बात यह थी कि जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मामले की सूचना पर जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद के निर्देश पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन ओम प्रकाश रात्रि को करीब 9 बजे उप जिला अस्पताल पहुंचे और हालातों को देखकर हैरान रह गए। प्रसूताओं ओर उनके परिजनों ने एडीएम को अस्पताल की अव्यवस्थाओ के बारे में अवगत करवाया। जिस पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश ने जनरेटर लगा कर तुरंत बरसाती पानी निकासी के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार राजवीर कड़वासरा, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी कुंदन देथा, एसआई कमल चांवरिया आदि मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एडीएम ओमप्रकाश ने लिया अस्पताल का जायजा, जताई हालातों पर हैरानी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अस्पताल में मरीजों से मिले एडीएम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गाबास में घर के अंदर भरा है पानी, बच्चों सहित घर के बाहर बैठी महिलाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तहसीलदार राजवीरसिंह पहुंचे जोहड़ के मौकास्थल पर, 50 से ज्यादा घरों का निरीक्षण किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दशहरा मैदान की दीवार तोड़ कर घुसा पानी, जलमग्न हुई दुकानें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कानाराम व राधाकृष्ण प्रजापत, दोनो भाईयो के मकान की दीवार तोड़ घुसा पानी, फटा मकान।