






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अगस्त 2023। मंगलवार सुबह सुबह श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र को गर्वित करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां के गांव रीड़ी निवासी युवक मुकेश जाखड़ का केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल में असिस्टेंट कमांडेंड के पद पर चयन होने से क्षेत्रवासी गर्वित है। मुकेश ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को बताया कि यूपीएससी द्वारा केन्द्रीय पुलिस बलों में असिस्टेंट कमांडेंट के 204 पदों पर भर्ती के लिए गत वर्ष 7 अगस्त 2022 को लिखित परीक्षा हुई थी एवं उसके बाद मेडिकल, फिजिकल एवं इंटरव्यू का दौर चला एवं 7 अगस्त 2023 को फाइनल परिणाम घोषित किया गया। जिसमें उसकी ऑल इंडिया 50वीं रैंक रही है। मुकेश ने अपनी और से सेवा प्राथमिकता बीएसएफ की रखी है एवं रैंक के अनुरूप उन्हें यह मिल भी जाएगा। अब जल्द ही ट्रेनिंग के बाद मुकेश देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए नजर आएंगे। विदित रहे कि मुकेश गांव रीड़ी के दानाराम जाखड़ के पौत्र है एवं उनके पिता रामलाल जाखड़ मुम्बई में ठेकेदारी का कार्य करते है। मुकेश की 6वीं तक की शिक्षा गांव में ही हुई एवं उसके बाद की शिक्षा मुम्बई में ही पूर्ण की है। मुकेश ने बताया कि उनका ग्रेजुएशन वर्ष 2021 में ही पूर्ण हुआ था एवं उसके बाद घर पर ही ऑनलाईन तैयारी कर परीक्षा दी। मुकेश की सफलता के बाद उनके पैतृक गांव रीड़ी में जश्न का माहौल है। मुकेश के ताऊ ओमप्रकाश जाखड़ ने बताया कि मुकेश इस सफलता के बाद पहली बार अपने गांव 14 अगस्त को पहुंचेगें एवं इस मौके पर उनका अभिनंदन भी किया जाएगा। 14 को मुकेश मुम्बई से बीकानेर पहुंचेगें एवं वहां स्टेशन पर ही स्वागत किया जाएगा वहां से जूलूस पूर्वक गांव तक रास्ते में भी विभिन्न जगहों पर अभिनंदन किया जाएगा व मुख्य कार्यक्रम उनके गांव में रखा जाएगा।



