






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जून 2020। भारत के राष्ट्रपति को पत्र लिख कर यूथ कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों पर नियंत्रण की मांग की है। बाना ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देते हुए कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के कारण देश का हर वर्ग आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है एवं भारत की आम जनता के सामने रोजी रोटी का संकट मुँह बाए खड़ा है। ऐसी भयावह स्तिथि में सरकार का फर्ज है कि आम जनता को राहत प्रदान करे लेकिन वर्तमान केन्द्र सरकार मुनाफाखोरी करने में जुटी हुई है। बाना ने कहा कि भारतीय संविधान में भारत की सरकार को लोककल्याणकारी सरकार की अवधारणा में शामिल किया गया है लेकिन वर्तमान सरकार लोककल्याण के बजाए लगातार पेट्रोल, डीजल की दरों में बढोतरी कर आमजनता पर अत्यधिक आर्थिक बोझ लाद रही है। सरकार का आचरण जनता के लिए इस कोरोना समय में अत्यंत घातक साबित हो रहा है। बाना ने कहा कि राष्ट्रपति से इस संकटकाल में यूथ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मांग कर रहा है कि वे संज्ञान लेवें और केन्द्र सरकार द्वारा लगातार पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि करने पर रोक लगाए।




