






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2023। गांव मोमासर में क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन का जोश व उत्साह गांव में बिखरा नजर आ रहा है और ग्रामीणों में खेल का रोमांच छाया है। कितासर बीदावतान में व्यास परिवार ने मानव सेवा में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन कर 380 मरीजों को राहत दी है वहीं गांव बाधनूं में स्कूल में शिक्षकों की कमी की आवाज क्षेत्र की महिला नैत्री लकेश चौधरी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उठाई है। आप सभी खबरें पढें विस्तार से देखें सभी फोटो।
जोशो-खरोश के साथ शुरू हुई नाईट क्रिकेट प्रतियोगिता, शामिल हो रही है 64 टीमें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की सबसे बडी क्रिकेट प्रतियोगिता के रूप में गांव मोमासर में आयोजित हो रही बीरबल ढ़बास मेमोरियल क्रिकेट कप की शुरूआत रविवार रात समारोहपूर्वक हुई। जिसमें श्रीडूंगरगढ़ तहसीलदार राजवीर कड़वासरा, पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत, सत्तासर सरपंच सुनील मलिक, मोमासर पूर्व सरपंच जेठाराम भामूं, एसएफआई पूर्व तहसील अध्यक्ष बीरबल पूनियां, सुभाष पूनिया, प्रह्ललाद भामू, राकेश भामू, हरी बेरा, भंवरलाल पांडर, सुशील राजपुरोहित आदि अतिथि रूप में मौजूद रहे। ढबास परिवार के गोविंद ढबास, गौतम ढ़बास, आयोजक हनुमान ढबासर ने आभार जताया। प्रतियोगिता में 64 टीमें भाग ले रही है एवं इन टीमों में कई राज्य स्तरीय खिलाड़ी भी अपना दमखम दिखाएगें। रविवार रात को उदघाटन मैच वीके स्पोर्ट्स जायल नागौर वर्सेज दिल्ली मोबाईल गैलरी तारानगर के बीच हुआ। जिसमें जायल टीम ने तारानगर को हराया।

380 मरीज हुए लाभान्वित, कितासर बीदावतान में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कितासर बीदावतान में दिवंगत परिजनों की स्मृति में सेवा शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों को राहत देने का कार्य व्यास परिवार ने किया। रविवार को गांव के पारीक भवन में दिवंगत रामेश्वरलाल व्यास व सरस्वती देवी व्यास की पुण्य स्मृति में इनके परिजनों द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 380 मरीजों ने लाभ उठाया। शिविर में ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जयकिशन सुथार का निर्देशन प्राप्त हुआ व उनकी टीम के जनरल डॉ. अखिलेश, डॉ विश्वजीत, डॉ इमरान, डॉ राजकुमार सुथार, डॉ. गिरीश तंवर, डॉ अमित सेठिया ने अपनी सेवाएं दी। व्यास परिवार के सदस्यों व अनेक ग्रामीणों ने शिविर में व्यवस्थाएं संभाली और गांव के बुजुर्गों ने आयोजन को सार्थक बताते हुए सराहना की।


चौधरी ने ग्रामीणों के साथ मिल कर दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2023। विधानसभा क्षेत्र के गांव बादनूं की राउमावि में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग बादनूं के ग्रामीणों के साथ मिल कर क्षेत्र की भाजपा नेता लकेश चौधरी ने की है एवं इस संबध में उपखण्ड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में चौधरी सहित ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में 600 से अधिक विद्यार्थी है लेकिन केवल चार अध्यापक ही शिक्षण व्यवस्था को संभाले हुए है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में नियुक्त शिक्षकों को इंग्लिश मीडियम में लगा दिया गया है यहां पर पद रिक्त हो गए है। ऐसे में अनेकों बार ज्ञापन देने एवं आवाज उठाने के बाद भी सुनवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। चोधरी ने सरकार की इस उदासीनता को बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया एवं शिघ्रताशिघ्र शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की है।




