May 21, 2026
0010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 सितम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में आए दिन पुलिस को सेट करने के नाम पर ब्लैकमेलिंग का काला धंधा सामने आ रहा है। अभी कुछ दिन पहले ही सामने आए कथित पत्रकारों द्वारा एक मामले में आरोपी से पुलिस को सेट करने के नाम पर 1.20 लाख की ब्लैकमेलिंग करने का मामला ठंडा ही नहीं हुआ कि एक ओर सेटलर द्वारा पुलिस के नाम पर 90 हजार रुपये ऐंठ लेने का मामला श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। इस बार मामला गांव नोसरिया का है जहां एक युवक द्वारा लड़की भगा ले जाने का मामला लाडनूं थाने में दर्ज हुआ और नोसरिया गांव के ही निवासी राजेन्द्र द्वारा लाडनूं पुलिस को सेट करने के नाम पर युवक के पिता से 90 हजार रुपये की ब्लैकमेलिंग कर ली गई। ब्लैकमेलिंग का शिकार बने हुकमाराम बावरी ने राजेन्द्र के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया है। जिसकी जांच एएसआई रविन्द्र सिंह को सौंपी गई है। विदित रहे कि श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में भी पुलिस को सेट करने के नाम पर कथित मीडियाकर्मी बन कर कस्बे के ही निवासी दो युवकों द्वारा किये गए ब्लैकमेलिंग प्रकरण की जांच भी एएसआई रविन्द्र सिंह के पास ही है।