May 20, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2020। आखिर श्रीडूंगरगढ़ कोरोना खतरे के ठीक सामने पहुंच ही गया चुका है। यहां संक्रमित पाए गए 14 लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री एवं कॉन्टेक्ट हिस्ट्री प्रशासन को अधूरी ही मिल पा रही है। ऐसे में शहर के सबसे ज्वलंत मुद्दे पर श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने इन्वेस्टिगेशन कर जानकारियां जुटाई है। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स इन जानकारियों की पुष्टि प्रशासन को भी कर चुका है एवं अब इंतजार है कि प्रशासन कोरोना चेन को तोड़ने के लिए अधिकाधिक संख्या में सैम्पल करवाए एवं लोगों को क्वारेंटाइन करें। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन को हिसार विवाह में जितने लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है उससे करीब दुगने लोग श्रीडूंगरगढ़ से उस विवाह में शामिल हुए थे। श्रीडूंगरगढ टाइम्स इन्वेस्टीगेशन में सामने आया है कि जो 14 व्यक्ति संक्रमित आए है ये 30 जून को श्रीडूंगरगढ़ लौट आए थे एवं लौटने के बाद 5 जुलाई को इन्हे क्वारेंटाईन करने से पहले ये सभी व्यापक रूप से कस्बे में हर जगह सम्पर्क में रहे थे। 30 जून से 5 जुलाई के बीच में संक्रमितों में शामिल वकील कोर्ट गए, नेता जनसम्पर्क में गए, दुकानदारों ने दुकानें खोली, दशोटन उत्सव मनाया गया, पंडित ने कई जगहों पर पूजा करवाई और बच्चों ने भी बर्थडे पार्टियों में भी भाग लिया था। इन सभी की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री देखें तो शहर में ये लोग सैंकडों लोगों के सम्पर्क में आए थे। संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोग घबरा कर अपनी तबीयत खराब होने की शिकायतों के साथ स्वयं प्रशासन को जांच के लिए आग्रह कर रहे है। कुछ ने स्वयं को क्वारेंटाइन भी कर लिया है परन्तु अब क्षेत्र में कोरोना चेन निकलने का अंदेशा भी जताया जा रहा है।

सैंपल लेकर कोरोना जांच का दायरा बढाना होगा।
श्रीडूंगरगढ टाइम्स। कस्बे में 14 संक्रमित आने के बाद प्रशासन कॉन्टेक्ट हिस्ट्री वाले लोगों के सैम्पल लेने की तैयारी कर रहा है लेकिन अधूरी जानकारी के कारण प्रशासन के प्रयास भी अधूरे नहीं रह जाए इसकी चिंता अब हर किसी को हो रही है। ऐसे में आवश्यकता है कि इन संक्रमितों के साथ निकट संपर्क में आने वाले नागरिक स्वंय आगे आकर अपनी जांच के लिए प्रशासन को सूचित करें। विभाग क्षेत्र में फिलहाल सैंपल लेने और जांच की गति को बढावा देकर कोरोना चैन को रोकने की तैयारी में जुटा दिखाई दे रहा है।