May 21, 2026
c9e6000e-3c7f-4e26-a2f3-c26aa4d03e90

जोगमाया मंदिर में मेला महोत्सव, 28 मण लापसी का लगाया भोग, मांगी माता से मन्नतें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 सितंबर 2023। क्षेत्र के गांव सेरूणा के प्रसिद्ध बायांजी धाम स्थित जोगमाया माता मंदिर में आज वार्षिक मेला महोत्सव का आयोजन हुआ। मन्दिर में पुजारी राजूराम की ओर से विशेष-ज्योत व पूजा-अर्चना की गई। बायांजी की जमीन से निकली हुई देवली के दर्शन करने के लिए दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बांयाजी धाम सहित मंदिर परकोटे में बने जोगमाया माता मंदिर, ब्रह्माणी माता मंदिर, कालका माता मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर एवं धोक लगाकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर में आयोजित सामूहिक हवन में श्रद्धालुओं ने घी-खोपरों की आहुतियां दी। मंदिर में ही माताजी की कड़ाही महाप्रसाद का आयोजन हुआ। इसके लिए सोमवार से ही मन्दिर परकोटे में चार बड़ी कढ़ाहियों  में 28 मण लापसी का प्रसाद तैयार किया गया। मंगलवार को बायांजी को भोग लगाने के बाद पूरे गांव ने इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण किया है। ग्रामीण देवीलाल स्वामी ने बताया कि पूरे साल में यही एक मौका आता है। जब पूरा गांव एकत्रित होकर मन्दिर परिसर में प्रसाद ग्रहण करता है। इससे पूर्व सोमवार को गांव में सुख-शांति व समृद्धि की कामना को लेकर श्रद्धालुओं ने माताजी की गांव परिक्रमा लगाई  गई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जोगमाया मंदिर में 28 मण लापसी बनाकर माता के भोग लगाया व पूरे गांव में प्रसाद का वितरित किया गया।

विश्व रक्षक भैरव बाबा के दरबार में 151 किलो के रोटे का लगेगा भोग, होगा जागरण।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 सितंबर 2023। गांव बिग्गा में विराजे विश्वरक्षक भैरव बाबा के दरबार में अन्नंत चतुर्दशी 28 सितंबर को विशाल आयोजन होगा। पुजारी भगवानाराम सेवग ने बताया कि गुरूवार को मंदिर का 26वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सुबह 10.30 बजे बाबा की महाआरती का आयोजन कर 151 किलो के रोटे का भोग लगाया जाएगा। वहीं 28 को ही रात को मंदिर प्रागंण में जागरण का आयोजन किया जाएगा जिसमें उदयपुर की राधेश्याम भाट एडं पार्टी अपने भजनों की प्रस्तुति देगी। सेवग ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ सहित आस पास के गांवो से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल व गाड़ियां लेकर दर्शन करने पहुंचते है व अलसुबह से देर रात खासी भीड़ रहती है।

बिग्गा व तोलियासर जाएंगे संघ, तीन दिवसीय भंडारा कल से होगा प्रारंभ।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीतोलियासर भैरूं भक्त मंडल गुवाहटी (असम) द्वारा तोलियासर धाम में कल से तीन दिवसीय भंडारा प्रारंभ किया जाएगा। मंडल के ताराचंद सारस्वत ने बताया कि 27, 28 व 29 सितंबर को सुबह 11 से 3 बजे व रात्रि में 8 से 11 बजे तक प्रसिद्ध भैरव मंदिर के पीछे स्थित शिव मंदिर प्रागंण में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बुधवार शाम को मंडल द्वारा भैंरू मंदिर में रात्रि भैरूरूद्र अभिषेक, भव्य श्रृंगार व हवन पूजन का आयोजन किया जाएगा तथा गुरूवार को मंदिर प्रागंण में ही रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। जागरण में परंपरागत बीन पर आदु किशन भोपा एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएगी। सारस्वत ने बताया कि बुधवार सुबह गांव गुसाईंसर बड़ा से तोलियासर व बिग्गा पैदल यात्री संघ भी जाएगा जिसमें भोजन आदि की व्यवस्थाएं संघ द्वारा ही की जाएगी।

जेतासर में भैरू चौक पर जागरण आज।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीभैंरू भक्त मंडल जेतासर के चौथे वार्षिकोत्सव धूमधाम से गांव में भैरू चौक पर मनाया जाएगा। आज रात यहां जागरण का आयोजन होगा जिसमें महावीर सांखला एडं पार्टी नागौर द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भजनप्रेमी भाग लेंगे।

कल होगा जागरण, 28 को होगा मेला पूर्ण।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव कोटासर में आयोजित पांच दिवसीय मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दादोसा महाराज के दर्शन करने पहुंच रहें है। यहां कल रात भोमिया दादोसा व पाबूजी महाराज के पौराणिक जागरण का आयोजन होगा। जिसमें राणा एवं माटो वाली पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। 28 को सूडसर से पैदल यात्री संघ के पहुंचने पर महाप्रसादी भंडारा भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण के साथ मेला पूर्ण होगा।