






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अक्टूबर 2023। चुनावों के दौर में श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा यह विशेष कालम शुरू किया जा रहा है। जिसमें क्षेत्र में ऐसी चुनावी घटनाओं की खबरें प्रकाशित की जाएगी जिन्हें कोई खबर के रूप में लीक नहीं करना चाहता। ऐसी ही घटनाओं की प्रामाणिक खबरों को टाइम्स इस विशेष कालम “उड़ती उड़ती खबर” में प्रकाशित कर आप सभी पाठकों तक पहुंचाया जाएगा। पढ़ें मंगलवार की उड़ती उड़ती खबर।
अभी राह आसान नही…..।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भले ही भाजपा द्वारा पहली लिस्ट में प्रत्याशी घोषित करने के साथ ही आगामी चुनाव को जीतने की रणनीति बनाई जा रही हो लेकिन मंगलवार की उड़ती उड़ती खबर यह है कि अभी यह राह आसान नहीं। सोमवार को टिकट घोषित होने से पहले एवं बाद में भाजपा प्रत्याशी ताराचंद सारस्वत द्वारा उनकी टिकट का विरोध करने वाले दावेदारों से मुलाकात एवं बात की गई। लेकिन इसका त्वरित परिणाम आता नजर नहीं आ रहा एवं इसके लिए पार्टी एवं प्रत्याशी दोनों को जोर लगाना पड़ेगा। उड़ती उड़ती खबर यह है कि मंगलवार को पूर्व विधायक किशनाराम नाई की अगुवाई में उनके फार्म हाऊस पर उनके सर्मथकों की बैठक हुई। इस बैठक में कई दावेदार भी शामिल थे। हालांकि बैठक में अभी कोई निर्णय नहीं लिए जाने की बात सामने आ रही है एवं आने वाले दिनों में तेल देखने तेल की धार देखने के बाद ही कोई निर्णय लेने पर सहमति बनी। वहीं इसके बाद पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत के आवास पर भी एक बैठक हुई। जिसमें उनके सर्मथकों एवं कई दावेदारों की मौजूदगी रही। दोनो ही बैठकों के बाद कोई स्पष्ट घोषणा अभी सामने नहीं आई है लेकिन इन बैठकों के दौर के बाद क्षेत्र में कयास लगाने के दौर शुरू हो गए है। मजे की बात यह है कि शेखावत का आवास एवं सारस्वत का आवास एक ही गली में होने के कारण दिन भर दोनो और एक दूसरे पर नजरें रखे जाने का प्रयास भी जारी रहा।



