






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2023। दिल्ली में आयोजित राष्ट्र स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी में राउमावि बींझासर की छात्रा एकता पुत्री शंकरलाल बाना द्वारा तैयार किए गये “धुँआरहित बहुद्देशीय चुल्हे” के मॉडल की प्रदर्शनी हुई। आज विद्यालय आगमन पर बालिका का स्वागत सम्मान किया गया। इसके साथ अन्य बच्चों को इस चुल्हे के बारे में जानकारी दी गयी। विदित है कि इंस्पायर अवार्ड में पहले जिला स्तर, फिर राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शनी होती है तथा श्रेष्ठ इनोवेटिव आईडियाज का चुनाव किया जाता है। दिल्ली में 9 से 11 अक्टूबर तक हुई इस प्रदर्शनी में देशभर से विभिन्न राज्यों से लगभग 400 से अधिक मॉडलों की प्रदर्शनी हुई जिनमें राजस्थान के कुल 37 प्रतिभागियों में बीकानेर की एकमात्र एकता का ही मॉडल शामिल हुआ था। राष्ट्रीय स्तर पर एकता का मॉडल राजस्थान के 37 मॉडलों में चौथे स्थान पर रहा। एकता से जब इस मॉडल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि गाँव में, परिवार में महिलाओं को जब चूल्हे पर खाना बनाते समय धुँए से जूझते हुए देखा तो विचार आया कि क्या कोई बिना धुँएं का चुल्हा नहीं हो सकता क्या.? आसपास कुछ चुल्हों और हमाम को देखा तो विचार बना कि एक ऐसा चुल्हा तैयार हो जो बहुद्देशीय हो और धुँआ रहित हो। अपना विचार जब अपने गुरु राजकुमार शर्मा के साथ साझा किया तो उन्होने पूरा सहयोग और मार्गदर्शन कर जैसा एकता ने बताया वैसा मॉडल तैयार करवाने में मार्गदर्शन किया। यह एक धुँआ रहित बहुद्देशीय चुल्हा है जिसमें न्यूनतम इंधन में एक साथ कई उपयोग हो सकते हैं जैसे रोटी, बाटी, तंदूर रोटी के साथ चाय पानी गर्म करने कि एसेसरी भी मोजूद है। इसमें राख की भी खुलने योग्य ट्रे है जिसे आसानी से खोलकर राख को अलग किया जा सकता है। इसमें धुँआ निकासी की व्यवस्था इस तरह से की गयी है कि मोटा धुँआ अंदर ही स्टोर होता है जिससे प्रिंटर की स्याही का कार्बन या काजल आदि में उपयोग हो सकता है। एकता के स्वागत समारोह में प्रधानाचार्य हेतदास स्वामी, छैलू दान चारण, कल्पना, राजकुमार शर्मा, रामप्रताप स्वामी, अंतिम कुमार, जगनाराम, बनवारी लाल, चंद्रप्रकाश दर्जी, मांगीलाल मीणा, रमीला, प्रदीप कुमार और माला राम आदि उपस्थित रहें। सभी ने बालिका को शुभकामनाएं दी।




