May 21, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 नवंबर 2023। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए एक ओर जहां राजनीतिक पार्टियां या यूं कहें निर्दलयों सहित दावेदार विधायकी मैदान में अपने मोहरे जमाने की तैयारियों में जुटें है वहीं दूसरी ओर चुनाव आयोग भी सफल मतदान की तैयारियों में कोई कोर कसर नहीं रखने के लिए प्रयासरत है। ऐसे में इस चुनाव में तीन बड़े बदलाव आयोग द्वारा किए गए है। आप भी चुनाव से जुड़ा एक ओर रोचक तथ्य श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ, जो पाठकों के लिए टाइम्स की विशेष रिपोर्टिंग “इस चुनाव में होगा ये पहली बार” कॉलम में प्रस्तुत किया जा रहा है। तो पढ़े इसी क्रम में आज तीसरा एपिसोड..

75 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य होगा पार, समय दो घंटे बढ़ाया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आयोग द्वारा इस बार मतदान का लक्ष्य 75 प्रतिशत पार करने के लिए जागरूकता के अनेक प्रयास किए गए है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से आयोग ने 2 घंटे मतदान का समय बढ़ाकर पहला बड़ा बदलाव किया है। इस बार मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक किया जा सकेगा। मतदान का समय 11 घंटे का होगा जिससे मतदान प्रतिशत भी निश्चित ही प्रभावित होगा।

8 विभागों के कार्मिक दे सकेंगे डाक वोट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चुनाव 1998 में 54 प्रतिशत मतदान हुआ जो बढ़ते हुए 2018 में 74 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इस बार आयोग के पूरजोर प्रयास करते हुए 75 प्रतिशत पार करने का लक्ष्य रखा है। आयोग द्वारा मतदान प्रतिशत बढ़ाने व कोई मतदाता ना छूटे की थीम पर काम किया जा रहा है। इस बार पहली बार राजस्थान में सरकार के 8 विभाग जिसके कार्मिक आवश्यक सेवाओं से जुड़े है को डाक वोट देने का अधिकार दिया है। रोडवेज, चिकित्सा सेवाएं, अग्निशमन, जयपुर मेट्रो, बिजली, जल व सिंचाई, राजस्थान दुग्ध संघ व सहकारी समितियां तथा आयोग द्वारा अधिकृत पत्रकारों को यह सुविधा दी गई है। ये अधिघोषणा की दिनांक से पांच दिवस के भीतर प्रारूप 12 घ में संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को डाक मतपत्र के लिए आवेदन करना होगा। जांच के बाद निर्वाचक संबंधित मतदाता के कॉलम में पीबी अंकित करेगा और ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी। इसी के साथ तीसरा बदलाव 80 वर्ष से अधिक आयु प्राप्त बुजुर्ग व दिव्यांग जनों के लिए होम वोटिंग का प्रावधान भी पहली बार प्रारंभ किया गया है। आयोग द्वारा 75 प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को पार करने के लिए ये बदलाव किए गए है। होम वोटिंग के बारे में विस्तृत जानकारी पाठकों को मंगलवार के आलेख में पूरी दी गई है। मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के दैनिक सांध्यकालीन अखबार में भी विस्तृत रूप से पाठक ये आलेख पढ़ सकते है।