






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 नवम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ शहर के करीब 80 घरों में निगम की लालफिताशाही के कारण 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही एवं मोहल्लेवासियों को पूरी रात अंधेरे में निकालनी पड़ी। यह हालात बने जैसलसर रोड़ पर स्थित हनुमान नगर एवं केसरा कंवर कालोनी में जहां लगातार बढ़ते लोढ़ के बाद भी निगम द्वारा सूध नहीं ली गई एवं 80 से ज्यादा घरों पर केवल एक 25 एचपी का सिंगल फेस ट्रांसफारमर लगा कर रखा गया। मोहल्लेवासियों ने कई बार यहां थ्री फेस 63 एचपी का बड़ा ट्रांसफारमर लगाने या एक के बजाए दो सिंगल ट्रांसफारमर लगाने की मांग बुलंद की लेकिन निगम के कानों तक यह पहुंची ही नहीं। ऐसे में ओवरलोढ़ के कारण शनिवार दोपहर करीब 2 बजे इस मोहल्ले का यहां सिंगल फेस ट्रांसफारमर जल गया एवं पूरे मोहल्ले की सप्लाई ठप्प हो गई। मोहल्लेवासियों ने रोष जताया तो निगम कार्मिक यहां ट्रांसफारमर बदलने पहुंचे। लेकिन 25 एचपी के स्थान निगम द्वारा बदल कर 16 एचपी की ढ़ाणी योजना वाला सिंगल फेस मिनी ट्रांसफारमर लगाया जाने लगा तो मोहल्लेवासियों ने विरोध जताते हुए काम को रूकवा दिया। मोहल्लेवासियों की मांग जहां 25 एचपी के सिंगल फेस ट्रांसफारमर के जगह थ्री फेस बड़ा ट्रांसफारमर लगवाने की थी और निगम इसके उलटे 16 एचपी का मिनी ट्रांसफारमर लगाने की जीद पर अड़ गया। ऐसे में मोहल्ले के सभी निवासियों ने सामूहिक रूप से विरोध किया एवं आखिरकर रविवार सुबह 10 बजे निगम द्वारा 25 के स्थान पर 25 एचपी का ही सिंगल फेस ट्रांसफारमर लगाया गया है। मोहल्लेवासियों का आक्रोश देख निगम अधिकारियों ने यहां एक और 25 एचपी का ट्रांसफारमर लगाने का आश्वासन दिया है। लेकिन मोहल्लेवासियों की मांग है कि यहां थ्री फेस का 63 एचपी का बड़ा ट्रांसफारमर लगाया जाए ताकी आए दिन होने वाली बिजली समस्याओं का स्थाई समाधान हो सके।





