






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 नवबंर 2023। गांव मोमासर में मोमासर उत्सव-2023, लोक कलाओं का रंगारंग सांस्कृतिक समारोह आज सुबह गणेश धोरा पर राजस्थानी भक्ति संगीत के साथ संपन्न हुआ। यहां राजूदेवी, राकेश भोपा और साथियों ने गीत संगीत प्रस्तुत किया। उत्सव का मुख्य आयोजन शनिवार रात 9 बजे से मध्यरात्रि तक आयोजित किया गया। मंच पर लोक कलाकार इब्राहिम खां लंगा, रामकुमारनाथ जोगी, मोहन लोहार सहित वयोवृद्ध कलाकारों का सम्मान किया गया। मंच पर संगीता सिंघल और उनके शिष्याओं द्वारा घूमर, कत्थक, मंजीरा नृत्य प्रस्तुत किया गया। प्रसिद्ध चंद्रमोहन भट्ट सहित महिला कलाकारों ने सितार वादन व गीत प्रस्तुतियां दी वहीं इटली से आए कलाकारों ने राजस्थानी संगीत के साथ जुगलबंदी पेश कर खूब सराहना बटोरी। ढोल थाली नृत्य मांगीलाल पवन कुमार और साथियों ने पेश किया वहीं पाबूसर की नोरंगलाल एडं टीम ने भी आकर्षक चंग नृत्य प्रस्तुति दी। लंगा मांगणियार संगीत जुगलबंदी ने सर्वाधिक सराहना बटोरते हुए दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। दिल्ली से आए रामावतार सपेरा दल ने बीन व भपंग से समा बांधा और भंगुर खां दल सुदंर प्रस्तुति देकर मन मोह लिया। बड़ी संख्या में श्रीडूंगरगढ़ सहित आस पास के गांवो से कलाप्रेमी दर्शक उत्सव में भाग लेने पहुंचे। उत्सव के आयोजक जाजम फाउंडेशन के विनोद जोशी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों व उपस्थित ग्रामीणों का आभार जताया।





