May 21, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवबंर 2023। हमारी पारिवारिक परंपरा सदैव देशसेवा की रही है जिसे अब मुझे आगे बढ़ाना है। पूरा परिवार समाज सेवा से जुड़ा है और कोरोना काल में भी सैंकड़ो परिवारों की आगे बढ़ कर मदद की है। आज श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र भ्रष्टाचार से त्रस्त है और मेरा लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त श्रीडूंगरगढ़ बनाने का है। ये बात आज विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोकने वाली प्रीति शर्मा ने अपनी जनसभा में कही। उन्होंने महिला शक्ति को मौका देने की बात कहते हुए श्रीडूंगरगढ़ का मान बढ़ाने का वादा किया। इस पर सभा में उपस्थित लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। सभा के मंच पर पूर्व विधायक किसनाराम नाई नजर आए और पगला बाबा के सान्निध्य में आयोजन संपन्न हुआ। मंच से घेवर सारस्वत ने प्रभावी उद्बोधन दिया और प्रीति के समर्थन में जीत की ज्योत जगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी मघाराम शर्मा ने आजादी के लिए संघर्ष किया और आज उनकी पोती प्रीति यहां सेवा संकल्प के साथ हमारे बीच खड़ी है तो इनके पूरे परिवार के संघर्ष का प्रतिफल जनता को प्रीति का साथ देकर देना चाहिए। मंच पर दिलीपसिंह राजपुरोहित, संपत बामणवाली, जिज्ञासु सिद्ध, किशनसिंह राजपुरोहित, पार्षद सोहनलाल ओझा, बिग्गा के रामकरण सारण ने एक स्वर में भाजपा प्रत्याशी का विरोध करते हुए प्रीति का साथ देने का आह्वान किया। आशीष जाड़ीवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया व कार्यकर्ता को साथ लेके चलने को अपना धर्म बताते हुए प्रीति के पक्ष में वोट मांगे। सभा में अनेक गांवो से भाग लेने समर्थक पहुंचे वहीं मंच पर बड़ी संख्या में पूर्व पदाधिकारी व अनेक वरिष्ठ नागरिक नजर आए। सभा के बाद ऊंट, घोड़े व बैंड के साथ रैली निकाली गई व रैली में भी बड़ी संख्या में उनके समर्थक शामिल हुए। प्रीति शर्मा ने आज एक ओर पर्चा दाखिल करवाया। सभा व रैली में महिला शक्ति की भागीदारी भी नजर आई। जुगलकिशोर तावणियां के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सभी का आभार जताते हुए प्रीति के पक्ष में वोट मांगे।