






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवंबर 2023। विधानसभा चुनाव की गति दिन ब दिन तेज हो रही है। नागरिक भी उत्साह के साथ चुनाव से जुड़ रहें है और प्रति व्यक्ति अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए चुनावी चर्चाओं में जुटा है। सोमवार को माकपा प्रत्याशी ने जहां विशाल रोड शो किया और निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति शर्मा ने सभा में रैली निकाली। वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी जनसंपर्क में जुटे रहें और कांग्रेस प्रत्याशी ने रैली की तैयारियों में जुटे रहें। बसपा भी मैदान में उतर गई है और रालोपा भी अपने समर्थकों की नब्ज टटोलने में लगी है। पढें विस्तृत खबर
भाजपा ने किया जनसंपर्क, आधा दर्जन से अधिक गांवो में मांगा समर्थन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा प्रत्याशी ताराचंद सारस्वत दिन में ग्रामीण इलाकों में तथा रात को शहर के वार्डों में जनसंपर्क कर रहें है। आज अनेक समर्थकों के साथ सारस्वत क्षेत्र के गांव लालासर, मोमासर, सत्तासर, लिखमादेसर, कुंतासर, रेवाड़ा धीरदेसर चोटियान, कितासर भाटियान, कितासर बिदावतान, शीतलनगर पहुंचे। सारस्वत ने रोजगार, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा के लिए भाजपा को वोट करने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य में भाजपा सरकार बनने का दावा किया और केन्द्र व राज्य से श्रीडूंगरगढ़ की कड़ी जोड़ने की बात कही।
कांग्रेसी जुटें रैली की तैयारी में, जारी है बैठकों के दौर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेसी प्रत्याशी मंगलाराम गोदारा आज दिनभर अपने समर्थकों के साथ 8 नवबंर को आयोजित होने वाली रैली में ताकत दिखाने की तैयारी में जुटे रहें। गोदारा ने अशोक गहलोत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता का भरोसा होने की बात कहते हुए क्षेत्र को विकास के पथ पर ले जाने का श्रेय कांग्रेस को दिया। आज विभिन्न कार्यकर्ताओं की बैठक ली व रैली तैयारी के लिए जरूरी चर्चा व निर्देश देने का कार्य किया। उनके कार्यकर्ता जोश व उत्साह के साथ रणनीति बनाने में जुटे है और विशाल रैली निकालने का दावा कर रहें है।
बसपा भी मैदान में, भरा पर्चा, निकाला रोड-शो।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में बसपा ने भी सोमवार को अपनी एंट्री ले ली है। सोमवार को बसपा प्रत्याशी राजेन्द्रसिंह मेघवाल ने अपना नांमाकन पत्र दाखिल करवाया। नामांकन के बाद बापेऊ सरदारशहर रोड स्थित अम्बेड़कर भवन पहुंचे व बाबा साहेब को नमन किया। यहां से बापेऊ ने अपने सर्मथकों के साथ जुलूस निकाला जो सरदारशहर रोड के गौरव पथ होकर बाजार, घूमचक्कर, हाईवे, झंवर बस स्टैण्ड़ होते हुए पुन: अम्बेड़कर भवन पहुंच कर पूर्ण हुआ। यहां सभी ने सामूहिक रूप से बहुजन समाज की ताकत को इस चुनाव में दिखाने का आह्वान किया और एकजुटता के साथ चुनाव जीतने की बात कही। इस दौरान हनुमान बिग्गा, गोपाल ऊपनी, प्रकाश गांधी, एडवोकेट ओमप्रकाश बारोटिया, ओमप्रकाश लिखमादेसर, कमल बापेऊ, रामेश्वर परिहार, चतराराम धानिया, हरिराम बारूपाल, अशोक कालवा, रामरतन रोलन, हरिराम कालवा रीड़ी सहित बसपा के अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।






