






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 नवम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ में विधानसभा चुनाव परवान पर चढ़ गया है। चारों ओर प्रत्याशियों व उनके सर्मथकों की गाड़ियां दौड़ रही है। देखें सभी मुख्य प्रत्याशियों की मंगलवार दिन भर की सक्रियता की सामूहिक खबर।
कांग्रेस ने झोंकी ताकत, बुधवार को होगी बड़ी सभा व शक्ति प्रदर्शन रैली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस अपना शक्ति प्रदर्शन बुधवार को करेगी इसकी तैयारियों के लिए कांग्रेस ने ताकत झोंक दी है। कांग्रेस अपने हर एक नए-पुराने कार्यकर्ताओं व सर्मथकों को याद करके उन्हें व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी दे रही है। कांग्रेस प्रत्याशी मंगलाराम गोदारा सहित उनकी पूरी टीम मंगलवार को दिन भर बुधवार को होने वाले आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी में जुटी रही। वहीं दूसरी और एक टीम ने सभा स्थल तेजा मंदिर के प्रांगण में तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया।
निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति शर्मा ने देव दर्शनों के साथ शुरू किया जनसम्पर्क।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति शर्मा ने मंगलवार से देवदर्शनों के साथ अपना जनसम्पर्क अभियान शुरू किया। शर्मा ने अपने ससुर समाजसेवी जुगलकिशोर तावणियां के साथ क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिर पूनरासर हनुमानजी, पूनरासर अंजनी माता, लखासर भैंरूजी, बांयाजी शेरूणा व तोलियासर भैंरूजी के दर्शन किए। इस दौरान आशीष जाड़ीवाल, दिलीपसिंह राजपुरोहित, सोहनलाल ओझा, किशनसिंह राजपुरोहित, मनोज दर्जी, कृष्ण जांगीड़, दिलीपसिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके साथ रहें। देव दर्शन के दौरान गांवों में सर्मथकों ने उनका स्वागत किया और शर्मा ने सभी से आर्शीवाद मांगा। मंगलवार शाम को आडसर बास स्थित सैनजी मंदिर में भी दर्शन किए एवं सेन समाज के प्रबुद्धजनों सहित मोहल्लेवासियों से सम्पर्क किया।

बसपा ने बनाई सूचियां, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के चुनाव में इस बार गंभीरता के साथ उतरी बहुजन समाज पार्टी भी सक्रिय नजर आई। मंगलवार को बसपा कार्यकर्ताओं ने गांवों में जनसम्पर्क का रूट चार्ट बनाया एवं इस संबध में विभिन्न कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी है। प्रत्याशी राजेन्द्र मेघवाल ने बताया कि बहुजन समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ चुनावों में अपनी ताकत दिखाई जाएगी।
रालोपा भी करेगी 9 से गांवों का दौरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ चुनावों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी भी अपनी मजबूती दिखाने के लिए मैदान में उतर चुकी है। यहां प्रत्याशी विवेक माचरा की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा आगामी 9 नवम्बर से गांवों में जनसम्पर्क दौरे शुरू किए जाएगें। माचरा ने बताया कि पांच वर्षों तक लगातार जनहित में किए गए संघर्षों के दौरान युवाओं को साथ मिला है एवं इस चुनाव में युवा नए बदलाव का साथ देंगे।



