May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 नवम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 241 बूथ है लेकिन इन में 117 बूथों पर सबकी नजरें रहेगी। ये नजरें सेक्टर ऑफिसर की, एरिया मजिस्ट्रेट की, वेब कैमरों की या मीडिया की होगी। इन सभी बूथों पर अतिरिक्त सावधानियां बरती जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र के सभी 241 बूथों पर एक-एक सुरक्षाकर्मी तैनात होगा एवं ऐसा भवन जिसमें तीन बूथ है वहां तीन पुलिसकर्मियों के अलावा एक अतिरिक्त व ऐसा भवन जहां चार या पाचं बूथ है वहां दो अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात रहेगें। इनके अलावा विधानसभा क्षेत्र के 50 बूथ, जिन्हें संवेदनशील व अति-संवेदनशील माना गया है। इन सभी पर सिक्किम पुलिस एवं बीएसएफ के एक-एक अधिकारी एवं तीन-तीन जवान तैनात होंगे। इनके अलावा प्रत्येक सात मतदान केन्द्रों पर एक मोबाइल पार्टी का गठन किया गया है जो अपने क्षेत्र के केन्द्रों पर निगरानी करेगी। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 22 मोबाइल पार्टियां बनाई गई है। जिनमें निर्वाचन विभाग द्वारा नियुक्त सेक्टर ऑफिसर के साथ-साथ एसआई, एएसआई, हैडकांस्टेबल इंचार्ज होगें। प्रत्येक सात मोबाइल पार्टियों पर एक-एक अधिकारी की टीम सुपरविजन करेगी। पूरे विधानसभा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी प्रवीण सैनी के निर्देशन में सीओ गोमाराम जाट, थानाधिकारी श्रीडूंगरगढ़, सेरूणा व जसरासर थानाधिकारी के कंधों पर होगी। पूरे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में त्वरित निर्णय के लिए चार आरएएस को एरिया मजिस्ट्रेट भी लगाया गया है।

यूं समझे सुरक्षा श्रेणी को, पढ़ें पूरी खबर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अभी तक के चुनावों में प्रशासन द्वारा सीधे शब्दों में संवदेनशील एवं अति-संवेदनशील बूथ ही छांटे जाते थे लेकिन इस बार चार कैटेगरी बना कर ओर अधिक पुख्ता इंतजामात किए गए है। क्षेत्र में 117 बूथों की एस-1, एस-2, एस-3 व एस-4 चार कैटेगरी बनाई गई है। इन 117 बूथों में से 28 बूथ एस-1 श्रेणी के बूथ है, इसमें उन बूथों को शामिल किया गया है जहां झगड़े की आंशका है। इसी प्रकार 3 बूथ एस-2 श्रेणी है एवं इसमें उन बूथों को रखा गया है जहां पिछले चुनावों में 75 प्रतिशत से अधिक वोट एक ही प्रत्याशी को मिले थे। इन बूथों पर भी गड़बड़ी का अंदेशा मानते हुए अतिरिक्त ध्यान दिया जा रहा है। एस-3 श्रेणी में 26 बूथों को शामिल किया गया है, ये ऐसे बूथ है जहां पुलिस रिकार्ड में मतदान के दिन झगड़े हो चुके है। एस-4 श्रेणी में 60 बूथ है जहां अप्सेंट, शिफ्ट एवं डेड वोटर्स भी है, और इनके लिए फर्जी मतदान की आशंका है तो यहां भी सुरक्षा अधिक है। इनमें से बूथों की 74 वेब कास्टिंग हो रही है। इसका अर्थ यह है कि 74 बूथ ऐसे होगे जहां मतदाताओं को लिखा मिलेगा कि आप कैमरे की नजर में है। इन कैमरो को जिला निर्वाचन अधिकारी, कंट्रोल रूम में सीधा जिला प्रशासन के सुपरविजन में देखा जा सकेगा।