May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 दिसम्बर 2023। वर्ष 1971 के युद्ध में पाकिस्तान की ऐतिहासिक हार के उपलक्ष्य में शनिवार को देश भर में विजय दिवस मनाया गया। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ में भी विभिन्न आयोजन हुए एवं युवाओं ने शहीदों को नमन किया। सरदारशहर रोड़ स्थित जयपुर पब्लिक स्कूल में इस मौके पर विशेष कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति के गीत, कविता एवं भाषण आदि की प्रस्तुतियां दी। निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने देश के प्रति सैनिकों के कर्तव्य एवं बलिदान की महानता के बारे में बताते हुए सैनिकों पर गर्व करने की प्रेरणा दी। चंद्रमुखी घिंटाला ने 1971 के युद्ध में विश्व की सबसे बड़ी सामरिक जीत के बारे में बताया एवं देशसेवा को जीवन में शामिल करने की प्रेरणा बच्चों को दी। इस दौरान क्षेत्र के तीनों शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई एवं शिक्षक संदीप गोदारा, अंशू शर्मा, सत्यपाल, हरीश शर्मा, संदीप सिंह, लक्ष्मण सिंह, विनोद कुमार, ओमप्रकाश, कंचन बाला, रजनी, रागिनी आदि ने भी विचार रखे। वहीं दूसरी और संस्कार इनोवेटिक पब्लिक स्कूल, एजी मिशन स्कूल, सेसोमूं ब्राईट फ्युचर स्कूल, सृजन स्कूल में भी विभिन्न आयोजन किए गए एवं शहीदों को नमन करने के साथ गर्व के साथ विजय दिवस मनाया गया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बच्चों ने किया शहीदों को नमन।