






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 दिसंबर 2023। पुष्प वर्षा व फूलमालाओं से पगला बाबा का सम्मान करते श्रद्धालु और कीर्तन के साथ गूंजते जयकारे, हवन कुंड के फेरियां लगाते हजारों श्रद्धालु, ये दृश्य आज देखने को मिला ताल मैदान में आयोजित 108 कुंडीय विष्णु हवन की पूर्णाहुति समारोह में। विश्व कल्याण के लिए आयोजित 108 हवन आयोजन में आज सैंकड़ो श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति में भाग लिया। श्रीडूंगरगढ़ सहित आस पास के गांवो से और पगला बाबा के अनुयायी दूर दूर से पूर्णाहुति में भाग लेने पहुंचे। आयोजन की सफलता के लिए अनेक श्रद्धालुओं ने बाबा का सम्मान किया। ध्यान रहें पगला बाबा के जीवन का 108वां आयोजन था जो निर्विघ्न संपन्न हुआ इस पर अनेक अनुयायियों ने उनका अभिनंदन किया। सवा बारह बजे पूर्णाहुति संपन्न हुई और पांडाल में उपस्थित पूरे जनसमूह ने जगत कल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों व पंडितों का स्वागत सम्मान किया। समिति सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सेवाएं देने वालों का आभार जताया। पूर्णाहुति के बाद भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में संत समाज के लोगों ने भाग लिया। सैंकड़ो नागरिकों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।






