






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जनवरी 2024। गांव राजेडू में 22 जनवरी को भव्य रामोत्सव मनाने की तैयारियों में जुटे ग्रामीण उत्साह के साथ घर घर पवित्र अक्षत वितरण कार्य कर रहें है। गांव में हर गली, हर वर्ग के घर में अयोध्या से आए अक्षत व पत्रक दिए जा रहें है। ग्रामीणों ने बताया कि 22 जनवरी को हनुमान मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की जाएगी व मंदिर प्रांगण की सजावट की जाएगी। राम दरबार की झांकी सजाकर गांव भर में जयकारों के साथ झांकी घुमाई जाएगी और शाम को घरों में रामज्योत जलाकर मीठा बनाया जाएगा। टोली सदस्य सरपंच प्रतिनिधि श्रीराम गरूवा, रणजीत साहू, पेमाराम गरुवा, डूंगरराम गरूवा, रतनाराम खिलेरी सहित अनेक युवा तैयारियों में व्यस्त है।
शुक्रवार को सिंधी कॉलोनी में स्थित झूलेलाल मंदिर में भजन कीर्तन के साथ पौष बड़ा का आयोजन किया गया। मंदिर में बच्चों ने राम दरबार की झांकी सजाई व रामायण के छोटे छोटे दृश्यों के मंचन किए। यहां बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने जमकर झूमते हुए भजनों का आनंद लिया व जयकारे लगाए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पौष बड़ा का प्रसाद ग्रहण किया। वहीं आज घास मंडी के पास टीएम प्लाजा व गणपति प्लाजा के व्यापारियों ने पौष बड़ा का आयोजन किया है। आस पास के सभी व्यापारियों सहित आने जाने वाले राहगिरों को भी मान मनुहार के साथ पौषबड़ा खिलाया जा रहा है। जयपुर पब्लिक स्कूल में भी आज पौषबड़ा का आयोजन किया गया है जिसमें स्टाफ व अनेक संस्थाओं के प्रबुद्धजन पौषबड़ा में शामिल हुए है।











