






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 जनवरी 2024। कुछ खास खबरें पाठक पढें एकसाथ और ये सेना की तैयारी में जुटें युवाओं तक जरूर पहुंचाए। वहीं बीमाधारी को एसआईपीएफ पोर्टल पर 31 जनवरी तक दावा करना होगा। वहीं औषधि नियंत्रक ने जिले के अनेक मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्रवाई की है। पढ़े खबरें विस्तार से..
अग्निवीर वायु भर्ती में ऑनलाइन पंजीयन 17 जनवरी से होगा शुरू
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारतीय वायु सेना में अग्निपथ स्कीम के तहत अग्निवीर वायु भर्ती के लिए 17 जनवरी बुधवार से आनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। बुधवार प्रातः 11 बजे से 6 फरवरी रात्रि 11 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन करवाए जा सकते हैं। भर्ती से संबंधित सभी नियमों की विस्तार से जानकारी भारतीय वायु सेवा की आधिकारिक वेबसाइट https://agnipathvayu.cdac.in से प्राप्त की जा सकती हैं। आवेदक की जन्म तिथि 2 जनवरी 2004 से 2 जुलाई 2007 तक (दोनों दिनांक सहित) के बीच जन्मे अविवाहित पुरुष एवं महिला उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र होंगे। 12वीं कक्षा या उसके समकक्ष परीक्षा विज्ञान संकाय में गणित, भौतिक और अंग्रेजी विषय के साथ एवं कला तथा वाणिज्य संख्या में किसी भी विषय के साथ 50 फीसदी अंकों के साथ अंग्रेजी विषय में भी 50 फीसदी अंक होना अनिवार्य है या तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक या 2 वर्ष वोकेशनल कोर्स पास उम्मीदवार आवेदन के पात्र होंगे।
बीमेदारों को 31 जनवरी तक एसआईपीएफ पोर्टल 3.0 पर करना होगा दावा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग द्वारा 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 के मध्य सेवानिवृत्त होने वाले राजकीय कर्मचारियों की 1 अप्रैल 2024 को परिपक्व हो रही राज्य बीमा पॉलिसी का भुगतान किया जाएगा। राज्य बीमा एवं प्रावधायी विभाग के संयुक्त निदेशक ने बताया कि बीमेदारों को 31 जनवरी तक एसआईपीएफ पोर्टल 3.0 पर अपनी एस.एस.ओ. से ऑनलाइन दावा सबमिट करना होगा तथा आवश्यक दस्तावेज बीमा रिकॉर्ड बुक, पॉलिसी बॉण्ड एवं पदस्थापन का विवरण अपलोड करने होंगे। उन्होंने बताया कि दावा ऑनलाईन सबमिट करने में आ रही किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए दूरभाष से कार्यालय समय में संपर्क किया जा सकता है।
अनियमितताएं पाए जाने पर 15 मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलंबित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 15 मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलम्बित किए गए हैं। अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक देवेंद्र कुमार केदावत ने बताया कि सादुल कॉलोनी स्थित गुप्ता ड्रग एजेंसी, सदर बाजार नोखा स्थित भवानी मेडिकल स्टोर तथा जयमलसर स्थित गौरव मेडिकल एंड जनरल स्टोर के अनुज्ञापत्र 3 दिनों के लिए, साधासर स्थित अनुराधा मेडिकल एंड जनरल स्टोर एवं सूरतगढ़ बस स्टैंड स्थित हसन मेडिकल एंड जनरल स्टोर का अनुज्ञापत्र 5 दिनों के लिए, समता नगर स्थित जगदंबा मेडिकल एंड जनरल स्टोर का अनुज्ञापत्र 7 दिनों के लिए, घूमचक्कर श्रीडूंगरगढ़ स्थित घूमचक्कर मेडिकल स्टोर, खाजूवाला स्थित चण्डी मेडिकल स्टोर, गौड मेडिकल स्टोर एवं आजमशाह मेडिकल एंड जनरल स्टोर, 3 पीडब्ल्यूएम स्थित एकम मेडिकल एंड जनरल स्टोर, भेलू स्थित जयश्री मेडिकल स्टोर, कोलासर स्थित प्रदीप मेडिकल एंड जनरल स्टोर, रोजा स्थित सरस्वती मेडिकल स्टोर तथा सोमलसर स्थित श्री जसनाथ मेडिकल स्टोर के अनुज्ञापत्र 10 दिनों के लिए निलंबित किए गए हैं।




