






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 जनवरी 2024। क्षेत्र के गांव रीड़ी में एक किसान को खेत में गड़ा हुआ खजाना दिलवाने एवं खजाने की मालिक आत्माओं को शांत की बात कह कर 28 लाख रुपए की ठगी की घटना पिछले साल खासी चर्चीत रही थी। गांव रीड़ी के इस मामले में किसान के पास सबसे पहले तांत्रिक को लेकर पहुंचने वाले व झांसा देने वाले गांव के ही जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि टेमाराम मेघवाल को अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले के जांच अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने बताया कि मामले में दो तांत्रिक जो कि नूंह मेवात के निवासी है अभी फरार चल रहे है और उनके साथ मिल कर आपराधिक षडयंत्र रचने में शामिल पाए गए टेमाराम मेघवाल को गिरफ्तार किया गया है। टेमाराम को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे बीकानेर जेल भेज दिया गया है। विदित रहे कि
टेमाराम मेघवाल की पत्नी जिला परिषद के वार्ड 28 से कांग्रेस की टिकट पर निर्वाचित जिला परिषद सदस्य है।
यह था मामला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव रीड़ी के निवासी रेवंतनाथ सिद्ध के खेत में गड़ा हुआ खजाना होने की अफवाह लंबे समय से चल रही थी एवं गत वर्ष अप्रेल माह में यह खजाना निकलवा देने की बात कह कर टेमाराम मेघवाल ने रेंवतनाथ को उसे पहले नागौर के तांत्रिक से एवं बाद में दिल्ली व बाद में नूंह मेवात के तांत्रिकों से मिलवाया। इन तांत्रिकों ने पहले जहां खजाना निकलवा देने की बात कहत हुए 6 लाख रुपए मांगें थे एवं बाद में अलग अलग रूप से प्रेत आत्मा का भय दिखा कर पीडित से चढ़ावा एवं सामग्री के नाम पर 28 लाख रुपए ऐंठ लिए। बाद में आरोपी ने संदूक में कपड़े बांधे हुए दो मटके उन्हें दिखाए और पूजा करने के बाद ही खोलने की बात कहते हुए चले गए। कई दिनों तक तांत्रिक वापस नहीं आए तो किसान परिवार ने मटकों को खोला तो उनमें एक मटके में तो 1 सिक्का एवं दूसरे मटके में एक मरा हुआ सांप निकला। इसके बाद पीडित ने पुलिस की शरण ली एवं मामला दर्ज करवाया था। उस समय श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने मौके पर पहुंच कर विशेष रिपोर्टिंग की थी एवं आप भी नीचे दी गई लिंक पर क्लिक कर वह मटके व वीडियो देख सकते है। https://youtu.be/TDjWIvJE8Jk?si=0k_SwjJsUzqtHMzu




