






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 जनवरी 2024। क्षेत्र के गांव लिखमादेसर में एक वृद्धा को अपना खेत काश्तकारी के लिए एक दंपत्ति को देना महंगा पड़ गया। काश्तकार दंपत्ति ने काश्त तो बीच में छोड़ दी वरन उधार लिए रुपए भी हड़प लिए और उल्टा रुपयों का तकादा करने पर वृद्धा के साथ मारपीट की एवं उसकी ढाणी में घुस कर नकदी, गहने जबरन ले गए। इस संबध में लिखमादेसर निवासी वृद्धा सरदारीदेवी ने काश्तकार धीरदेसर पुरोहितान निवासी संतोष मेघवाल व उसकी पत्नी संपत्ति के खिलाफ जरिए इस्तगासा मामला दर्ज करवाया है। सरदारी ने पुलिस को बताया कि उसने पिछली मूंगफली की फसल के लिए अपना खेत आरोपी को काश्त के लिए दे रखा था लेकिन आरोपी गत 5 दिसम्बर 2023 को काश्त बीच में ही छोड़ कर चले गए व इस दौरान आरोपी में हिसाब के एक लाख रुपए बकाया रह गए। गत 17 दिसम्बर को आरोपी के घर जाकर रुपयों का तकाजा किया तो आरोपी आग-बबूला हो गए। बाद में आरोपी 18 दिसम्बर की रात को नाजायज रूप से उसकी ढाणी में घुसे एवं दोनो ने आज हिसाब किताब पूरा करने की बात कहते हुए उसके साथ गाली-गलौच एवं मारपीट शुरू कर दी। शोर मचने पर वृद्धा का पुत्र आया तो आरोपी वृद्धा का थैला लेकर भाग छूटे जिसमें एक लाख रुपए नकद एवं एक सोने की मोहर थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच शुरू कर दी है। ज्ञात रहें इस मामले में इससे पूर्व भी एक मामला दर्ज हुआ व अब ये परस्पर मामला दर्ज हुआ है।



