






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 जनवरी 2024। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश विदेश से प्राप्त उपहार व स्मृति चिह्नों की नीलामी की गई है। इस नीलामी से प्राप्त पूरी धन राशि “नमामि गंगे परियोजना” के लिए समर्पित कर दी गई है। पीएम द्वारा ये पांचवीं नीलामी की गई जिसमें श्रीडूंगरगढ़ निवासी देवेंद्र सिंह कस्वां ने भाग लिया। देवेंद्र बीकानेर केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के कोबरा फार्स में तैनात है व वीरता पदक से सम्मानित है। कस्वां ने इस नीलामी से तांबे की एक भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति, प्रधानमंत्री मोदी की एक पेंटिंग तथा दक्षिण भारतीय अंगवस्त्र भी खरीदा। हालांकि कस्वां ने तीनों सामान की कीमत का खुलासा नहीं कियाहै लेकिन उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए बताया कि उन्हें गर्व है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशहित में एक ऐसी परंपरा प्रारंभ की है जिससे उपहारों से प्राप्त धन का उपयोग देशहित में हो सकता है। कस्वां ने कहा कि उन्हें ख़ुशी है कि उन्होंने इस नीलामी में हिस्सा लिया और तीनों स्मृति चिन्ह खरीद कर “नमामि गंगे परियोजना” में अपना अंश दान दिया। कमांडेंट कस्वां के छोटे भाई सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि वो भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति स्थापना के लिए घर में एक छोटा सा मंदिर बनाने की योजना भी बना रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस पांचवी नीलामी में 912 उपहारों और स्मृति चिह्नों की नीलामी की गई जिसमे सर्वाधिक उंची कीमत में ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के जेवलिन की बिक्री हुई। जिसे किसी प्रतिभागी ने एक करोड़ पचास लाख में खरीदा है। कस्वां के परिवार में भी उत्साह का माहौल है और पीएम के समर्थक उनके कार्य की जमकर तारीफ कर रहें है।




