






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 जनवरी 2024। आज के ऐतिहासिक दिन को उत्सव के रूप में मनाने के लिए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र वासियो ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। क्षेत्र में धूमधाम से रामोत्सव मनाया गया है। चिड़पडनाथ जी की बगीची में राम मंदिर के मॉडल में भव्य सजावट की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यहां दर्शन किए। यहां रामायण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। आडसर बास व झंवरो के मंदिर कालूबास से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आडसर बास में जहां संचालन समिति ने सामूहिक रूप से सफल आयोजन संपन्न किया वहीं झंवरो के मंदिर में भव्य आयोजन में रूघलाल चम्पालाल डूंगरमल मोहता का विशेष सहयोग रहा। सेवाधाम छात्रावास के छात्र छात्राओं ने भी रैली निकाली। एजी मिशन स्कूल के संचालक रजनीश कौशिक द्वारा गाजे-बाजे व सजे-धजे घोड़ो व रथों के साथ राम यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से निकाली। यात्रा में स्कूल की बालिकाओं ने महाराष्ट्रीयन ढंग से साड़ी पहनकर चुनड़ी के साफे पहने और बालकों ने सफेद कुर्ते पायजामे पहनकर केसरिया साफे पहने। विभिन्न देवी देवताओं के रूप धरे विद्यार्थी रथों पर नजर आए और पूरा स्टाफ मंगल वेश में यात्रा के दौरान साथ रहा। उत्साहित अभिभावकों ने अनेक स्थानों पर यात्रा का फूलों से स्वागत किया व जय श्री राम के नारे लगाए। संस्कार इनोवेटिव स्कूल में बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों के साथ संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया गया। विद्यालय स्टाफ ने रंगोलियां सजाकर राम दरबार सजाया। यहां महाआरती के बाद महाप्रसाद का आयोजन किया गया। कस्बे के वी-एज्यु हब कोचिंग संस्थान में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कालूबास में स्थित छत्रपति वीर शिवाजी पब्लिक स्कूल में मोहल्लेवासियों ने सुंदरकांड का आयोजन किया। जयकारों के बीच संपन्न हुए उत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। गांव बेनीसर में उत्साहित युवाओं ने धूमधाम से भगवा पताकाओं के साथ शोभायात्रा निकाली व खूब जयकारे लगाए।



























