May 21, 2026
banner[1]-Recovered-Recovered-Recovered-Recovered-Recovered-Recovered

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जनवरी 2024। गुरूवार को पढ़े बुधवार को पूरे जिले में हुई अपराध खबरें एकसाथ एक नजर में और रहें सावधान। जिले के थानों में विभिन्न प्रकार के मामले दर्ज हुए जिनमें एक सास ने अपनी ही बहू सहित उसके परिजनों पर चोरी के आरोप लगाए है, दो मोटरसाइकिलें चोरी हुई, एक ढाणी में और एक दुकान में चोरी हुई, एक महिला को पकड़ कर दो जनों ने उसके घर में चोरी की, एक फर्जी खातेदार ने जमीन बेचने के नाम पर लाखों रूपए हड़प लिए, वहीं एक युवक पर हमले का मामला दर्ज हुआ, एक थानाधिकारी ने दो जनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया। आप जिले भर के थानों में दर्ज हुए मामलों की सभी खबरें पढें विस्तार से।

सास ने बहू और उसके मायके वालों के खिलाफ करवाया मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
गंगाशहर थाने में मंजूदेवी पत्नी रतनलाल लखारा निवासी इंद्रा चौक, गंगाशहर ने अपनी बहू सुशीला पत्नी दीपक, बहू के पिता रमेश लखारा पुत्र मनीराम, उसकी माँ मंजूदेवी, भाई अनिल सहित एक अन्य आरोपी मन्नीराम निवासी डीग मंडी, सिरसा के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने आरोप लगाए कि उसके पुत्र दीपक का विवाह सुशीला के साथ हुआ और आरोपियों ने षडंयत्र पूर्वक चोरी के आशय से आपसी साठ गांठ से प्रार्थिनी की अनुपस्थिति में उसके घर में घुसकर उसके पुराने जेवरात, घर में रखे नगदी रूपए चोरी कर ले गए। जिसका उलाहना देने पर आरोपियों ने मेरे पति व पुत्र के साथ झगड़ा करते हुए मारपीट की और झूठे मुकदमे फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व मामले की जांच एएसआई रणजीत करेंगे।

पुत्र पर हमले का मामला दर्ज करवाया पिता ने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स
। गंगाशहर थाना में ही एक परिवादी झंवरलाल पुत्र डालाराम माली निवासी किसमीदेसर ने इसी गांव के निवासी जितेन्द्र व नवरतन पुत्र मेघराज, लालचंद पुत्र काशीराम, नवीन पुत्र कालूराम, कैलाश पुत्र हरिचंद्र, मेघराज पुत्र हड़मान माली के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने आरोप लगाए है कि आरोपियों ने मेरे पुत्र जगदीश को जान से मारने की नियत से उसपर हमला किया जिससे उसके सिर व मुंह पर काफी चोटें आई है। आरोपियों ने उसके गले में पहनी सोने की चैन व जेब में रखे 7-8 हजार रूपए छीन लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल लक्ष्मण नेहरा को दे दी है।

मोटरसाइकिल चोरी के दो मामले दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
कोटगेट थाना, बीकानेर में परिवादी जयपालसिंह पुत्र अमरसिंह निवासी तिलक नगर ने मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि 22 जनवरी को दोपहर 2.15 बजे उसने अपनी मोटरसाईकिल रतन बिहारी पार्क में खड़ी की थी। थोड़ी ही देर बाद वहां देखा तो बाइक अपने स्थान पर नहीं थी और कोई अज्ञात चोर बाइक ले गया। मामले की जांच हैड कांस्टेबल हंसराज करेंगे। नोखा थाना में परिवादी नंदकिशोर पुत्र श्रीकिशन जाजू निवासी पीपली चौक,नोखा ने अज्ञात चोर द्वारा अपनी मोटरसाइकिल चोरी कर लेने का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने जांच एएसआई ओमप्रकाश को दी है।

एक ढाणी में व एक दुकान में चोरों ने की वारदात, चुराए सामान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
छत्तरगढ़ थाने में परिवादी सुनिल कुमार पुत्र दलिप कुमार मेघवाल निवासी अनूपगढ़ हाल निवासी सत्तासर ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने बताया कि सत्तासर में उसकी मोटर बाईडिंग की दुकान है जहां 24 जनवरी की रात अज्ञात चोर द्वारा मोटर की तांबा की तार चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल दयानंद को दी है। वहीं पूगल थाने में परिवादी मानसिंह पुत्र अजीतसिंह राजपूत निवासी चक 8 सीडीवाई हिन्दूपुरा ने मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि 24 जनवरी की रात को अज्ञात चोर उसकी ढाणी में घुसे और ढाणी में रखे गहने व नगदी रूपए चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई रामदेव को दी है।

फर्जी खातेदार बन जमीन बेच डाली, हड़प लिए लाखों रूपए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
बीकानेर के सदर थाने में जयनारायण व्यास कॉलोनी निवासी अजीतसिंह पुत्र उम्मेददान चारण ने लुधियाना के महेश कुमार पुत्र अमरनाथ ब्राह्मण, दलजीत सिंह पुत्र सबरन सिंह, गुरप्रीत सिंह पुत्र मनप्रीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी कर रूपए हड़प लेने का मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि कोलायत के दियातरा में उसने एक कृषि भूमि महेश कुमार से खरीदी। उसने आरोपी को रूपए दे दिए परंतु आरोपी विक्रय पत्र निष्पादित करवाने के लिए लगातार आना कानी व टाल मटोल कर रहा है। आरोपी रूपए भी नहीं लौटा रहा है और महेश कुमार उस भूमि का असली खातेदार नहीं है। उसने फर्जी खातेदार बनकर रूपए हड़प लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई हनुमंतसिंह को दे दी है।

थानाधिकारी ने करवाया मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
बीकानेर के जेएनवीसी थाना में इसी थाने के थानाधिकारी हरबंशलाल ने हरीश पुत्र रामगोपाल विश्नोई निवासी मुक्ताप्रसाद कॉलोनी तथा प्रबंधक दिल्ली पब्लिक स्कूल, वृदांवन एन्कलेव के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा स्वयं को लाभ व दूसरे को हानि पहुंचाने की मंशा से धोखाधड़ी करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस के वास्तविक रजिस्ट्रेशन नबंर आरजे 07 पीबी 1267 को हटाकर संपत्ति चिह्नों का कुटकरण करते हुए दूसरे को क्षति कारित करने के आशय से संपत्ति चिह्न नबंर प्लेट आरजे 07 पीबी 1543 लगा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व जांच स्वयं हरबंशलाल ने प्रारंभ कर दी है।

पति का मोटरसाइकिल से एक्सीडेंट कर भागा एक जना, पत्नी करवाया मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
खाजूवाला थाना में मंजूदेवी पत्नी गोपालराम नाई निवासी चक 42 केवाईडी ने इसी गांव के निवासी महेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने आरोप लगाया कि 24 जनवरी की शाम करीब 7 बजे आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल से उसके पति गोपालराम का एक्सीडेंट कर दिया व 38 केवाईडी फांटा पर पटक कर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई श्रवणकुमार को दे दी है।

महिला को पकड़कर घर में चोरी की, दो खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
गजनेर थाने में परिवादी शारदादेवी पत्नी हजारीराम निवासी आरडी 820 ने इसी गांव के निवासी देवचंद पुत्र लालूराम मेघवाल व आसुराम पुत्र धन्नाराम मेघवाल के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि 24 जनवरी को रात करीब 11 बजे आरोपी मेरे घर आए और कहने लगे हजारीराम कहां है। मैंने कहा आरडी 820 गए है इतने में देवचंद ने मुझे पकड़ लिया व आसुराम ढाणी का गेट खोलकर अंदर घुस गया और संदुक का ताला तोड़ने लगा। देवचंद ने मेरे मुंह पर हाथ रख दिया और आसुराम ने संदूक से रूपए निकाल लिए। रूपए लेकर दोनों आरोपी भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल खेताराम को दे दी है।