






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 फरवरी 2024। कृषि विभाग द्वारा ड्रोन से नैनो यूरिया के छिड़काव को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहें है। आज उपखंड के गांव जाखासर में विभाग की टीम ने खेतों में इसबगोल व गेंहू की फसलों पर ड्रोन से नैनो यूरिया का छिड़काव किया। मात्र 30 मिनिट में एक खेत में एक एकड़ में छिड़काव कर दिया गया। इस दौरान बरजांगसर सहकारी समिति के व्यवस्थापक राजेश सिहाग ने किसानों को नैनो यूरिया और नई तकनीक अपनाकर खेती करने का आह्वान किया। कृषि पर्यवेक्षक नीतू वर्मा ने किसानों को नैनो यूरिया से भूमि तक कीटनाशकों का प्रभाव नहीं पहुंचने व पत्तों पर ही इसके अवशोषण के बारे में पूरी जानकारी दी। वर्मा ने कृषि विभाग की इस पहल के बारे में बताते हुए कहा कि नैनो यूरिया के ड्रोन से छिड़काव का कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के तत्वाधान में कृषि विज्ञान केंद्र बीकानेर की ओर से आयोजित किए जा रहा है। छिड़काव के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से कंपनियां किसानों को मुफ्त में ड्रोन उपलब्ध करवा रही है। इसके लिए किसान को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस दौरान किसान जेठाराम सिहाग, तुलछाराम, जगदीश, भागुराम, मालाराम, नानूराम मौजूद रहें। किसानों ने उत्साह के साथ ड्राेन से छिड़काव की विधि को देखा व छिड़काव होने के बाद नई तकनीक के प्रयोग से समय की बचत की सराहना की। किसानों ने प्रसन्नता जताते हुए फसलों के उत्पादान व मृदा स्वास्थ्य के लिए भी नैनो यूरिया अपनाने की बात कही।




