






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 फरवरी 2024। सीएम भजनलाल शर्मा से मिलकर सैन समाज के लिए अनेक अधिकारी देने की मांग करते हुए समाज के प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें पत्र सौंपा। भाजपा नेता मांगीलाल नाई ने बताया कि समन्व्य विभाग,भाजपा के जयपुर जिला संयोजक एडवोकेट दिवाकर सैन, चुरू भाजपा जिला मंत्री सुमित्रा सैन, चंद्रभान नाई सहित अनेक प्रबुद्धजनों के प्रतिनिधि मंडल ने सीएम से मुलाकात की। मंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री कर्पुरी ठाकुर को भारत रत्न देने पर समस्त सैन समाज, राजस्थान की ओर से प्रधानमंत्री सहित भाजपा का आभार जताया। इस दौरान राष्ट्रीय सैन समाज, राजस्थान की ओर से सीएम को पत्र सौंपा गया जिसमें समाज के उत्थान के लिए कई मांगे रखी गई। समाज द्वारा भाजपा पार्टी में पदाधिकारियों के पद पर सैन समाज को प्रतिनिधित्व देने, सैन समाज के लिए कैश कला बोर्ड के साथ कर्पुरी ठाकुर बोर्ड का गठन करने, सैन समाज की प्रत्येक दुकान का नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन करने, कम ब्याज पर लोन दिया जाने, सैलून कर्मी की नि:शुल्क बीमा करने व अकाल मृत्यु पर 20 लाख तक का आर्थिक सहयोग परिवार को देने, सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त रिजर्वेशन देने, प्रत्येक जिले में शिक्षा प्रोत्साहन के लिए छात्रावास के लिए जमीन व भवन के लिए आर्थिक सहयोग देने, सामाजिक प्रतिनिधित्व के लिए राज्यसभा में सैन समाज के सदस्य को भेजे जाने, ओबीसी आयोग में सैन समाज के नागरिक को शामिल किए जाने, पार्टी द्वारा स्थानीय निकायों में ओबीसी कोटे में सैन समाज के पार्षद को प्रत्याशी बनाने, सैन समाज को पंचायतीराज चुनाव में ओबीसी कोटे में प्रत्याशी बनाने, उच्च शिक्षा हेतु विशेष सहयोग का प्रावधान करने की मांगे रखी गई। समाज के मंडल ने सीएम का सम्मान भी किया।




