






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 फरवरी 2024। मनमुताबिक दहेज नहीं मिलने पर ससुराल वालों द्वारा समाज में बेइज्जती करवा देने का उलाहना देते हुए विवाहिताओं के साथ क्रुरता करने के अनेक मामले सामने आ रहें है। मोमासर बास निवासी 21 वर्षीय सपना पुत्री महेन्द्रकुमार वाल्मीकि का विवाह मात्र 9 माह में ही टूट गया। पीड़िता ने थाने पहुंच कर आरपीएम, नोहर, हनुमानगढ़ निवासी अपने पति पवनकुमार, ससुर सुभाषचंद्र, दादा ससुर जगदीश प्रसाद, सास कमलादेवी व मोसा ससुर जेसराज पुत्र बृजलाल वाल्मीकि निवासी भावनदेसर, रतनगढ के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह गत वर्ष 14 मार्च 2023 में हुआ। उसके परिजनों ने सोने चांदी के गहनों सहित दहेज का सभी सामान दिया। परंतु आरोपी उसे मोटरसाइकिल और एक लाख रूपए दहेज में नही देकर समाज में बेईज्जती करवाने की बात कहते हुए प्रताड़ित करने लगे। मासा ससुर दहेज नहीं लेकर आने पर घर से निकाल देने की सलाह देते हुए भड़काता व पति का दूसरा विवाह करने की बात कहता। करीब दो माह पहले आरोपियों ने गाली गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



