






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 फरवरी 2024। क्षेत्र के गांव कुंतासर में महिला संगीत के दौरान दो जनों ने उत्पात मचाया और पीड़ित ने थाने बाप बेटों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। कुंतासर निवासी शेराराम पुत्र कानाराम मेघवाल ने तीन नामजद के खिलाफ आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि उसके पैतृक मकान में भाई सीताराम के घर रविवार रात महिला संगीत का आयोजन था। घर के आगे ही सुरजाराम ने एक खोखा रखा हुआ है। यहां इमीलाल सहित कुछ ग्रामीण बैठे थे तभी करीब 9 बजे मोटरसाइकिल पर फुसाराम व देवीलाल पुत्र केसराराम लुहार आए और जातिसूचक गालियां देते हुए महिलाओं को उठा ले जाने की धमकी दी। इमीलाल ने आरोपियों को गालियां देने से टोका तो उसे पकड़ कर धमकाने लगे। हम मौके पर पहुंचे और इमीलाल को आरोपियों से छुड़वा कर घर भेजा। आरोपी देख लेने की धमकी देते हुए गए और रात 10.30 बजे दोनों आरोपी अपने पिता के साथ एक पिकअप में आए। पिकअप में हाथों में हथियार लेकर कुछ औरतें भी आई और घर के आगे पिकअप रोककर गाड़ियां निकालते हुए इमीलाल को अपने हवाले करने की धमकी दी। आरोपियों ने पिकअप की टक्कर से घर का गेट तोड़ दिया और घर में घुस गए। आरोपी हल्ला मचाते हुए घर से निकले व कई बार गाड़ी लेकर घर के आगे से निकले। सोमवार को दिन में भी हाथ में चाकू लेकर घुमते नजर आए व इमिलाल को जान से मारने की धमकी दे रहें है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ को दे दी है।



