






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 फरवरी 2024। सक्षम महिला परिवार के साथ समाज व देश को सक्षम बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए परिवार को भी पूरा सहयोग देना चाहिए जिससे देश की आधी आबादी रोजगार से जुड़ सकें। ये बात उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने पंचायत समिति परिसर में आयोजित शक्ति वंदन कार्यक्रम में कही। चौधरी ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होनें कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़कर एकजुटता के साथ इन योजनाओं का लाभ ले सकती है। समारोह में राजीविका से जुड़ी 300 से अधिक सक्रिय महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बैंक मैनेजर वाई.एन. व्यास, रमेश तांबीया, दिनेश जैन अतिथि रूप में मौजूद रहें। सभी अतिथियों ने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण कड़ी बनने की प्रेरणा दी। बीआरकेजीबी बैंक शाखा श्रीडूंगरगढ प्रबंधक देवेश मदान, एसबीआई बैंक के वित्तीय साक्षरता परामर्शक आसकरण लखारा, रमेश कुमार व कृषि विभाग के कन्हैयालाल सारस्वत ने विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी दी। महिला निधि बैंक प्रबंधक अमिता ने महिला निधि बैंक से चालीस हजार रूपये 2.5 प्रतिशत ब्याज दर पर समूह सदस्यों को देने की योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रबंधक रघुनाथ डूडी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा शहर अध्यक्ष रेखा भादाणी, सहीराम, मैना, मोनिका, शोभा, गीता, कविता, शारदा, मनीषा सहित राजीविका का स्टाफ व कैडर पदाधिकारी मौजूद रहें।




