May 21, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 मार्च 2024। सरकारी अस्पताल में कल सोमवार को निःशुल्क कैंसर प्रारम्भिक जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। अस्पताल प्रभारी डॉ. एस.के. बिहाणी ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अस्पताल परिसर में कैंसर जांच के लिए वैन आएगी जिसमें विशेषज्ञ व पूरे जांच उपकरणों द्वारा कैंसर रोग की पहचान के लिए नि:शुल्क जांचे की जाएगी। शिविर में महिलाओं के लिए विशेष रूप से मेमोग्राफी व कॉल्पोस्कोपी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी जिससे शीघ्र ही कैंसर की पहचान हो सकें। बिहाणी ने क्षेत्रवासियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से मुंह व फेफड़ो के कैंसर की जांच करवाने व सभी जरूरत मंदों तक ये खबर जरूर पहुंचाने की बात कही है। डॉ बिहाणी ने बताया कि सही समय पर कैंसर की पहचान हो जाए तो इस भयंकर बीमारी का भी पूरा ईलाज संभव है। बस कैंसर के विरूद्ध जागरूकता जरूरी है। कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर ने बताया कि शिविर में गले में दर्द, आवाज में बदलाव, मुंह से खून आने की जांच, खांसी बलगम में खून आना, सांस लेने में दिक्कत होने पर नागरिक कैंसर की जांच करवाएं जिससे मरीज को समय रहते पूरा ईलाज संभव हो सकें। वहीं महिलाओं में स्तन में दर्द एवं गांठ की जांच को अनदेखा ना करें और शिविर में मेमोग्राफी जांच जरूर करवाएं। वहीं असामान्य रक्त स्त्राव या बच्चेदानी संबंधी अन्य कोई समस्या होने पर भी कॉल्पोस्कोपी जांच द्वारा कैंसर की जांच करवाए।