May 20, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2020। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नवपदस्थापित उपखंड अधिकारी दिव्या चौधरी ने उपखंड की जिम्मेदारी संभालने के साथ अभियान के रूप में जनता को राहत देने का निर्णय लिया है। चौधरी ने बताया कि समय समय पर सरकार एवं विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जाने वाले अभियानों की तर्ज पर ही श्रीडूंगरगढ़ में अभियान के रूप में युद्धस्तर पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए सर्वप्रथम सामाजिक सुरक्षा से वंचितों को उनका हक दिलवाने एवं आए दिन विवादों का कारण बनने वाले खेतों के बंद किए हुए रास्ते खुलवाने के अभियान चलाए जा रहे है। इन अभियानों से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जा रहा है एवं ग्राम स्तर के अधिकारी पटवारी, ग्रामसेवकों से रिपोर्ट ली जा रही है। आप सभी पाठक भी खबर में आगे पढें दोनो अभियानों के संबध में पूर्ण जानकारियां।
वंचितों को मिले उनका हक, जागरूक करने के साथ देगें पेंशन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2020। उपखण्ड अधिकारी दिव्या चौधरी ने आज सामाजिक सरोकार का प्रथम आदेश देते हुए क्षेत्र के नागरिकों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का पूरा लाभ दिलवाने के लिए सकारात्मक पहल की है। दिव्या चौधरी ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सहयोग से एक साझा पहल करते हुए सामाजिक सुरक्षा अभियान चलाने का जिम्मा उठाया है। चौधरी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के संभावित लाभार्थियों को ग्राम विकास अधिकारी, सरपंच एवम वार्डपंचों द्वारा साझा रूप से चिन्हित किया जाएगा एवम अब तक इन योजनाओं के लाभ से वंचित लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। वर्तमान में बडी संख्या में विधवा, वृद्धावस्था, विकलांग आदि पेंशनों के पात्र व्यक्ति भी वंचित है। इसके लिए सभी पात्र लोगों से अपने आवेदन अपने ग्राम सेवकों या सीधे कार्यालय में देने को कहा गया है। सामान्यता देखा गया है कि बड़ी संख्या में ऐसी वृद्ध एवं विधवा महिलाएं भी है जो वृद्धावस्था पेंशन के रूप में केवल 500 रुपए ही प्राप्त कर रही है जबकी उनकी पेंशन कैटगरी विधवा पेंशन के बदली जा सकती है जिसमें उन्हे 750 रूपए पेंशन मिल सकेगी। लेकिन जागरूकता के अभाव में पात्रों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। इन सभी को जागरूक करते हुए पात्रों को लाभ दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रीडूंगरगढ प्रशासन उपखंड में रास्ता खोलो अभियान चलाएगा।
श्रीडूंगरगढ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ थाने में गत दिनों दर्ज हुए मामलों में बडी संख्या में ऐसे प्रकरणों की परिवाद दर्ज है जिनमें खेतों के रास्तों के विवाद में मारपीट की घटनाएं हो गई है। ना केवल श्रीडूंगरगढ़ बल्कि हर जगह यही विवाद देखने को मिलते है एवं हर गांवों में दबंगों द्वारा सामान्य किसानों के खेतों के रास्ते रोक लिए जाते है एवं रास्ता खुलवाने के परिवादी किसान थाने, एसडीएम कोर्ट के चक्कर लगाते रहता है। ऐसे में इन पीड़ित किसानों को प्राथमिकता से न्याय दिलवाने के लिए श्रीडूंगरगढ़ उपखण्ड अधिकारी ने रास्ता खोलो अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। उपखंड अधिकारी दिव्या चौधरी ने बताया कि रिकार्ड रास्तों को रोकने की शिकायतों का एकीकरण किया जा रहा है एवं आम लोगों से भी अपील की गई है कि उनके कहीं पर भी रास्ता विवाद है तो तुरंत वो अपने क्षेत्र के पटवारी अथवा उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में अपनी परिवाद देवें। सभी परिवाद दर्ज करने के बाद रोके गए रास्तों को पहले समझाईश से एवं बाद में प्रशासनिक बल के सहारे खुलवाए जाएगें। चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत हर किसान को उसके खेत में दिया गया आन रिकार्ड रास्ता दिलवाना सुनिश्चित किया जाएगा एवं बाद में प्रचलीत रास्तों को भी आन रिकार्ड करने के लिए वाद लिए जाएगें।