May 21, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 मार्च 2024। गरीब काश्तकार परिवार का जवान पुत्र देर रात सड़क दुर्घटना में असमय काल का ग्रास बन गया। पिता को सुबह तक पुत्र की मौत की जानकारी नहीं दी गई और वह सुबह ही रोते रोते एक परिजन के यहां से उसके ईलाज के लिए दो हजार रूपए लेकर आया। पिता को मौत की सूचना मिलने पर उसके कंधो पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेहाल पिता पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गया है और घर में मृतक की माता व 6 छोटे भाई बहनों ने कोहराम मचा दिया है। तोलियासर से ठुकरियासर के बीच गांव लिखमादेसर से श्रीडूंगरगढ़ आ रहें 22 वर्षीय युवक हेतराम पुत्र भंवरलाल नायक निवासी बाना की बाइक एक बोलेरो से टकरा गई और सिर में आई गंभीर चोट से युवक की मौत हो गई। सात बहन भाईयों में युवक सबसे बड़ा था और देराजसर गांव की रोही में एक खेत में काश्तकार था। परिवार सहित मृतक खेत में ही रह रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले ही हेतराम ने श्रीडूंगरगढ़ कोर्ट में लव मैरिज की और बीती शाम वह अपनी पत्नी से मिलने लिखमादेसर गया था। श्रीडूंगरगढ़ की ओर मोटरसाइकिल पर लौट रहा था और दुर्घटना में उसने प्राण गवां दिए। सरपंच प्रतिनिधि भंवरलाल बाना अस्पताल पहुंच गए है और परिजनों को सांत्वना दे रहें है। एएसआई रविंद्र सिंह पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करवा रहें है। सिंह ने बताया कि मृतक के ताऊ प्रभुराम ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ लापरवाही व तेज गति से चलाने कर टक्कर मारने की रिपोर्ट दी है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देर रात सड़क दुर्घटना में घायल हेतराम बना असमय काल का ग्रास, घर मे छाया मातम।