May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-03-10 at 12.12.24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 मार्च 2024। पीएमश्री योजना में बीकानेर जिले में 7 स्कूलों का चयन हुआ है और इनमें से तीन श्रीडूंगरगढ़ से चयनित हुई है। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय केऊ पुरानी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ताल मैदान श्रीडूंगरगढ़, राजकीय आदर्श सीनियर सैकेंडरी स्कूल मोरखाना आथुना का चयन हुआ है। पीएमश्री में चयनित विद्यालयों के लिए विधायक ताराचंद सारस्वत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान का आभार जताया है। सारस्वत ने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा तभी देश का सकारात्मक विकास संभव हो सकेगा और इसके लिए पीएम के प्रयास सराहनीय है। शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश प्रजापत ने बताया कि पीएमश्री विद्यालय योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के मानकों के अनुरूप सभी स्तरों पर गुणवत्तापूर्ण समान व समावेशी शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित कर विद्यालयों का संपूर्ण कायाकल्प करना है।

पीएमश्री योजना क्या है.?

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पीएमश्री योजना का मुख्य उद्देश्य भारत के 14,500 पुराने स्कूलों का अपग्रेडेशन करना है। ताकि इन स्कूलों को नया स्वरूप देकर बच्चों को स्मार्ट शिक्षा से जोड़ा जा सकें। पीएमश्री योजना के तहत अपग्रेड किए गए पीएम श्री स्कूलों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सभी पहलुओं को शामिल करने की कोशिश की जा रही है और ये अपग्रेडेड स्कूल एक आदर्श स्कूल की तरह काम करेंगे।

योजना के द्वितीय चरण में अजमेर जिले में10, अलवर 12, बांसवाड़ा 7, बांरा 6, बाड़मेर 8, भरतपुर 7, भीलवाड़ा 10, बीकानेर 7, बूंदी 7, चित्तौड़गढ़ 4, चुरू 9, दौसा 6, धौलपुर 6, डूंगरपुर 4, हनुमानगढ़ 7, जयपुर 7, जैसलमेर 3, जालौर 8, झालावाड़ 4, झुंझुनूं 9, जोधपुर 5, करौली 5, कोटा 5, नागौर 12, पाली 12, प्रतापगढ़ 5, राजसमंद 8, सवाईमाधोपुर 3, सीकर 14, सिरोही 4, श्रीगंगानगर 7, टोंक 8, उदयपुर 8 विद्यालयों का चयन किया गया है।

इस स्कूलों में चाइल्ड फ्रेंडली फर्नीचर, अधिगम संवर्धन कार्यक्रम, 21वीं सदी के कौशल, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, एक्सपोजर विजिट, डिजिटल लाईब्रेरी, बालिकाओं हेतु किशोरावस्था कार्यक्रम, व्यावसायिक शिक्षा अंतर्गत इंटर्नशिप, गाईडेंस एवं करियर काउंवसलिंग, हरित विद्यालय गतिविधियां, सामुदायिक गतिशीलता, संस्था प्रधानों व शिक्षकों के क्षमता संवर्धन, योग शिक्षक, खेल मैदान, खेल सामग्री, हेल्थ केम्प, व आधारभूत संरचनात्मक मजबूती के कार्य कराए जाएंगे।