May 21, 2026
10-octt

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 मार्च 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में बसने वाले गुरू जसनाथजी महाराज के अनुयायियों एवं श्रृद्धालुओं के लिए बड़ी खबर जयपुर से आ रही है। लोकसभा चुनावों की घोषणा किसी भी वक्त होने की संभावना के बीच राज्य सरकार द्वारा जनता को लुभाने में कोई कमी नहीं रख रही है एवं लगातार घोषणाएं किया जाना जारी है। इन्हीं घोषणाओं के क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की गौरवशाली ऐतिहासिक धरोहर एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण देने के उद्देश्य से 12 स्थानों पर पेनोरमा, स्मारक, संग्रहालय निर्माण एवं विकास कार्यों की घोषणा की है। इस घोषणा में जिले के गांव कतरियासर में गुरू जसनाथजी महाराज का पैनोरमा बनाना भी शामिल है। इनके अलावा करौली जिले के महावीर जी में श्री महावीर जी पेनोरमा, अजमेर में जैन मुनि श्री विद्यासागर जी महाराज पेनोरमा, डीडवाना-कुचामन के कालवा में श्री भक्त शिरोमणि करमा बाई पनोरमा, बालोतरा के बायतु में श्री खेमा बाबा पेनोरमा, चित्तौड़गढ़ में श्री भामाशाह पेनोरमा, जोधपुर में श्रीराव चन्द्रसेन पेनोरमा, भरतपुर में श्रीगोकुला जाट पेनोरमा, जैसलमेर में जैसलमेर पेनोरमा का निर्माण करवाने की घोषणा की है। इनके अलावा श्रीब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के विकास कायों, जयपुर जिले में राजस्थान के वीर-वीरांगनाओं के योगदान के प्रदर्शन हेतु स्वांतत्र्य वीर संग्रहालय और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन में गांवों के योगदान की स्मृति में ‘स्वांतत्र्य गांव’ स्मारक का निर्माण करवाने की घोषणा भी की गई है। विदित रहे कि कतरियासर मे गुरू जसनाथजी के पैनोरमा का शिलान्यास गत वसुंधरा सरकार कार्यकाल में वसुंधरा राजे ने स्वंय किया था। लेकिन सरकार बदलने के बाद कांग्रेस सरकार ने इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब पुन: भाजपा सरकार आने पर भाजपा नेता कुंभाराम सिद्ध सहित समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री एवं धरोहर संरक्षण अध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत से मुलाकात कर पैनोरमा को बनवाने की मांग की थी। पैनोरमा की घोषणा होने पर क्षेत्र के जसनाथजी के अनुयायी खुशियां मना रहे है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य सरकार के धरोहर संरक्षण अध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत से मिल कर गुरू जसनाथजी पैनोरमा बनवाने की मांग करते भाजपा नेता कुंभाराम सिद्ध एवं अन्य।