






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अप्रैल 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पांच जनों को गिरफ्तार किया वहीं दो जनों को कोर्ट से पांच दिन की रिमांड पर लिया है। गत 2 मार्च को एक नाबालिग का अपहरण करने व उससे गाड़ी में, अपने घर ले जाकर, लूणकरणसर में अपने रिश्तेदार के यहां ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में रामसीसर भेड़वालिया, सरदारशहर निवासी राकेश पुत्र मंगतूराम नायक को पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार कर हवालात में बंद किया है। वहीं सेरूणा थानाधिकारी पवन कुमार ने शुक्रवार को हाइवे पर थाने के सामने ही वाहनों की जांच के दौरान रामसर, बाड़मेर निवासी सांवलाराम पुत्र नेनूराम जाट को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसका ट्रक जब्त कर उससे 520 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। मामला दर्ज कर जांच एसआई धर्मपाल दी गई है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ थाने में जनवरी माह में कानाराम तर्ड द्वारा दर्ज करवाए गए एक मूंगफली गोटा प्रकरण में आड़सर बास निवासी गुणानंद प्रजापत, सांवरमल ब्राह्मण, रामरतन जाट को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तोलियासर के पास हुए हेतराम व लाली के दोहरे हत्याकांड में पुलिस द्वारा गिरफ्तार मूलाराम नायक व केशुराम नायक को कोर्ट में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है।




